भोपाल:
राजधानी के सरगम सिनेमा में ‘हे बेबी’ फिल्म के पहले शो में ही साउंड सिस्टम में गड़बड़ी आने के बाद दर्शकों ने जमकर उत्पात किया। उन्होंने टाकीज की करीब दो सौ कुर्सियां तोड़ दीं, वहीं बाहर निकलकर जमकर पथराव भी किया। इस मामले में पुलिस ने तीन छात्रों को गिरफ्तार किया है।
अक्षय कुमार, फरदीन खान और विद्या बालन अभिनीत फिल्म शुक्रवार को ही रिलीज हुई है।
दोपहर 12.40 बजे सरगम सिनेमा में इसका पहला शो शुरू हुआ। शो हाउस फुल था। इस बीच दर्शकों ने साउंड सिस्टम खराब होने की शिकायत की। इसके बाद फिल्म का प्रदर्शन जारी रहा तो दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा। दर्शक जिनमें अधिकतर युवक-युवती थे, कुर्सियां तोड़ते हुए बाहर निकले। उन्होंने बालकनी के बाहर लगे कांचों को तोड़ दिया।
इसके बाद कुछ दर्शक ऊपरी मंजिल पर स्थित टाकीज संचालक के कक्ष के बाहरी हिस्से में तोड़फोड़ कर आए। भीड़ ने बाहर निकलकर जबर्दस्त पथराव किया और टाकीज के सभी कांच तोड़ दिए। इनमें मुंह पर कपड़ा बांधे कुछ युवतियां भी शामिल थीं। कुछ लोगों ने कैंटीन में भी तोड़फोड़ कर दी। जब भीड़ उत्पात कर रही थी तभी किसी ने पुलिस को फोन कर दिया।
पुलिस जब तक पहुंचती गुस्से पर उतारु भीड़ काफी तोड़फोड़ कर चुकी थी। कुछ पुलिसकर्मियों से भीड़ ने झूमाझटकी भी की। वहां पहुंचे एएसपी जीके पाठक, सीएसपी धर्मवीर सिंह, कमला नगर टीआई आरके घुरैया, हबीबगंज थाना प्रभारी जीपी अग्रवाल ने पुलिस बल के साथ भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने भागते हुए तीन युवकों को पकड़ लिया। इन युवकों में बोनी श्रीवास्तव बीएसएस का छात्र है।
वहीं दीपेंद्र सिंह बीई प्रथम वर्ष और पंकज गौतम बीसीए का छात्र है। पुलिस ने टाकीज मैनेजर धर्मचंद की शिकायत पर उत्पात करने वाले इन तीनों युवकों के अलावा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एमपी नगर थाने में भादवि की धारा 336, 427, 323 का प्रकरण दर्ज किया है।
दूसरा शो तीन बजे से -टाकीज संचालक मनल पंजाबी के अनुसार भीड़ ने जब उत्पात किया, टाकीज में सिर्फ कर्मचारी थे। उन्होंने बताया कि उत्पात के बाद टाकीज में दूसरा शो दोपहर तीन बजे से शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि इस हुड़दंग में टाकीज में करीब दो से तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है।