bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

विद्यार्थी मित्र की तरह ही पढ़ाएंगी डेमोस्टेटर

बीकानेर: teacher राज्य के प्रारंभिक शिक्षा विभाग में तृतीय श्रेणी शिक्षकों की नियुक्तियों की कड़ी में अप्रशिक्षित 1487 विधवा, विवाह विच्छिन्न महिलाओं को डेमोस्टेटर लगाने का मामला राज्य सरकार के पास लंबित पड़ा है।

शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी की मंशा के अनुरूप आर्थिक रूप से कमजोर चयनित अप्रशिक्षित विधवा, विवाह विच्छिन्न महिलाओं को बीएसटीसी का प्रशिक्षण प्राप्त करने तक डेमोस्टेटर लगाने के प्रस्ताव सरकार ने रखे थे। पिछले दिनों इस संबंध में जयपुर में बैठक भी हुई थी लेकिन प्रस्तावों को फिलहाल स्वीकृति नहीं मिली है।

इस योजना का उद्देश्य विधवा, विवाह विच्छिन्न महिलाओं को नौकरी लगने तक आर्थिक रूप से संबल प्रदान करना है, ताकि वे प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ ही परिवार का पालन-पोषण कर सकें। बीएसटीसी का प्रशिक्षण प्राप्त कर नौकरी लगने तक ये महिलाएं डेमोस्टेटर के रूप में सेवाएं देंगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए इन महिलाओं को तीन साल का समय दिया गया है, जिसमें से एक साल बीत चुका है। अब दो साल में उन्हें बीएसटीसी करनी होगी।

शिक्षा विभाग में तृतीय श्रेणी शिक्षक पदों पर विधवा, विवाह विच्छिन्न महिलाओं को नियुक्तियां देने के काम पर शिक्षक तबादलों के कारण एकबारगी विराम लग गया है तथा डिग्रियों की जांच भी नहीं हो पा रही है। विभाग अब तक 632 प्रशिक्षित महिलाओं में से 472 को नियुक्तियां प्रदान कर चुका है। राज्य में 141 प्रशिक्षित विधवा, विवाह विच्छिन्न महिलाओ की डिग्रियों की जांच का काम शिक्षक तबादलों के कारण बीच में ही अटक गया है। जिला शिक्षा अधिकारी सहित कार्यालय का स्टाफ शिक्षक तबादलों के कैम्प में व्यस्त है। यह पूरा महीना जयपुर में ही बीत जाएगा।

तबादलों के बिखरे हुए कार्य को समेटने में एक महीना और लगेगा। इस दौरान काउंसिलिंग से आने वाले अभ्यर्थियों को भी नियुक्तियां देने का दौर शुरू होगा। ऐसे में विधवा, विवाह विच्छिन्न महिलाओं की नियुक्तियां और डिग्रियों की जांच का काम कुछ समय के लिए लंबित होने के आसार हैं।

क्या है डेमोस्टेटर:
शिक्षा विभाग में डेमोस्टेटर योजना 2011 तक लागू करने के प्रस्ताव राज्य सरकार के पास लंबित हैं। डेमोस्टेटर विद्यार्थी मित्र की तरह ही होंगे तथा बच्चों को पढ़ाएंगे। शिक्षण व्यवस्था को सुचारू करने के लिए इन्हें भी रिक्त पदों पर प्राथमिक शालाओं में लगाया जाएगा। सर्व शिक्षा अभियान ने यह नया नाम दिया है। इनकी स्वीकृति एसएसए के मद से ही आनी है।

फेक्ट फाइल:
विधवा महिलाएं:
प्रशिक्षित 256
नियुक्तियां 158
जांच 92
प्रोविजनल 6

विवाह विच्छिन्न महिलाएं:
प्रशिक्षित 376
नियुक्तियां 314
जांच 49
प्रोविजनल 13

अप्रशिक्षित विधवा, विवाह विच्छिन्न: 1487

* डेमोस्टेटर एक नया पद है। इसकी स्वीकृति के लिए वित्त विभाग की स्वीकृति जरूरी है। इसके अनुमोदन का इंतजार किया जा रहा है। पिछली मीटिंग में इस पर चर्चा हो चुकी है।
आर.एस.रघुवंशी, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन)





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: