नई दिल्ली. अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता नफीसा अली ने कहा है कि चिंकारा के शिकार के मामले में जेल में बंद बॉलीवुड स्टार सलमान खान को वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान का चेहरा बनकर सामने आना चाहिए।
पूर्व मिस इंडिया नफीसा अली ने कहा कि बिल्कुल, उनके लिए यह सजा उपयुक्त होगी। इस शुभ संदेश के लिए उनके अपने अनुभव कारगर सिद्ध हो सकते हैं। हमें समाज में रचनात्मक व्यक्तियों की जरूरत है। और सलमान जैसे लोगों को एक अच्छा काम करने का मौका मिल सकता है क्योंकि शिकार ही वन्य जीवन के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।
एक आर्ट प्रदर्शनी के दौरान नफीसा ने कहा कि सलमान के स्टारडम के मद्देनजर एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया जा सकता है, हालांकि यह बड़ी बात नहीं होगी लेकिन वास्तव में आकर्षक होगा। नफीसा ने यह भी माना कि सेलिब्रिटी अपनी लोकप्रियता और स्टेटस के कारण निशाने पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि सेलिब्रिटी को निशाने पर रखकर हमें गैर रचनात्मक रवैया नहीं अपनाना चाहिए।
दूसरी ओर, यरवदा जेल के बाहर संजय दत्त से गले मिलने पर सस्पेंड किए गए कॉंस्टेबलों के बारे में नफीसा ने कहा कि मुन्नाभाई की जादू की झप्पी के लिए पुलिसकर्मियों को सजा देना भी गलत है। नफीसा के मुताबिक यह वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे जूनियरों को प्रोटोकॉल समझाएं। और फिर, संजय दत्त कोई आतंकवादी या आदतन अपराधी नहीं बल्कि कई लोगों के प्रेम पात्र और भारत के एक रोल मॉडल हैं।