|
Manoranjan
Telly Talk Telly Talk जीटीवी पर प्रसारित होने वाले लोकप्रिय टैलंट हंट शो ‘सारेगामापा’ के सेट पर लालू यादव के लिए खासतौर पर रेड कार्पेट बिछाया गया। यह पहला मौका था, जब शो में आने
वाले मुख्य अतिथि के लिए रेड कार्पेट बिछा। जी के अधिकारी से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि लालू स्पेशल हैं और उनके व्यक्तित्व को ध्यान में रखकर ही उनका स्वागत इस अंदाज में किया गया।
मंगलवार को लालू मुंबई में ‘सारेगामापा’ में हिस्सा लेने आए थे। उनके आने की वजह से पूरे सेट को भी बिहार के एक गांव का लुक दिया गया था। सेट पर एक कुआं बनाया गया था, चारपाई डाली गई थी। इसके अलावा असली बकरियां भी सेट पर लाई गईं थीं। सेट देख कर लालू भी काफी खुश हुए। शो में हिस्सा ले रहे प्रतिस्पर्धियों ने भी देहाती कपड़े पहने हुए थे और उन्हें देहाती गाने गाने के लिए ही कहा गया। ज्यादातर प्रतिस्पर्धियों ने भोजपुरी गीत गाकर लालू को खुश कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि लालू भले ही खुद गाते नहीं हों, लेकिन उन्हें संगीत की अच्छी जानकारी है। इसी वजह से उन्हें इस शो में बुलाया गया था। स्पर्धकों ने लालू से बातें भी की और उनसे सवाल भी पूछे। लालू ने बताया कि इस तरह के टैलंट हंट शो से देश की नई प्रतिभाओं को मौका मिल रहा है। ‘सारेगामापा’ में वह इसलिए आए क्योंकि इसमें सिर्फ अपने देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी युवा हिस्सा ले रहे हैं।
लालू ने कहा कला का कोई धर्म नहीं होता और न ही कोई जात होती है। इस मंच पर पाकिस्तानी और भारतीय गायकों को एक साथ गाते हुए देखना अच्छा लग रहा है। पाकिस्तान और हिंदुस्तान के बीच की खाई को कम करने का यह बहुत ही अच्छा प्रयास है।