Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

किशनगढ़ में बनेंगे हल्के विमान

जयपुर: राजस्थान की धरती पर अब कारों के बाद हल्के विमान भी तैयार किए जाएंगे। मार्बल के लिए मशहूर किशनगढ़ में जर्मनी की एक कंपनी दो सीट वाले ये माइक्रोलाइट विमान बनाएगी। जर्मनी के 10 करोड़ डॉलर के शेम्प ग्रुप आफ कंपनीज की सहयोगी हमावी एविएशन सर्विसेज पहले चरण में इस परियोजना पर 30 करोड़ रुपए का निवेश करेगी और चालू वित्त वर्ष के अंत तक उत्पादन भी शुरू हो जाएगा।

हर साल सौ विमान: हमावी एविएशन के मुख्य संचालन अधिकारी और एविशन उद्योग से दो दशकों से जुड़े हुए विभूति सिंह देवड़ा के अनुसार हमारी योजना हर साल 100 विमान तैयार करने की है। इस प्रोजेक्ट में तकनीकी विशेषज्ञता जर्मन कंपनी प्रदान करेगी, जबकि संचालन और मार्केटिंग का जिम्मा हमावी एविएशन का होगा।

किस काम आएंगे विमान: माइक्रोलाइट विमान आकार में काफी छोटे होते हैं और ये निजी उड़ानों, स्पोर्ट्स और मनोरंजन से संबंधित गतिविधियों में काम आते हैं। फसलों के लिए हवाई छिड़काव, फोटोग्राफी, सीमा पर चौकसी आदि के कार्य भी ये हल्के विमान कर सकते हैं।

जर्मनी के बाहर पहली बार: जर्मन कंपनी शेम्प ने कोमको-इकारस जीएमबीएच के साथ करार किया है, जो विश्व प्रसिद्ध अत्याधुनिक इकारस सी 42बी माइक्रोलाइट विमान बनाती है। इन विमानों को भारत में कोलीब्री के ब्रांड नाम से तैयार किया जाएगा। अभी ये विमान सिर्फ जर्मनी में बन रहे हैं और इन्हें दुनिया भर में बेचा जा रहा है। सी 42बी माइक्रोलाइट विमानों को भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने भी प्रमाणित कर दिया है।

अभी दो सीटर, फिर बड़े: हमावी एविएशन राज्य में अभी दो सीटों वाले हल्के विमान बनाएगी, जिनकी कीमत 25 से 40 लाख रुपए होगी, लेकिन इसकी योजना आगे चलकर ज्यादा सीटों वाले परंपरागत विमान बनाने की भी है। कंपनी की योजना राज्य में फ्लाइंग स्कूल भी स्थापित करने की है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: