जोधपुर:
बॉलीवुड स्टार सलमान खान के पिता सलीम, मां सलमा और बहनें अलवीरा व अर्पिता उनसे मिलने मंगलवार को जोधपुर जेल पहुंचे। उन्हें मुख्य द्वार खुलवा कर जेलर के कमरे तक ले जाया गया। जींस व टी-शर्ट पहने सलमान पहले से वहां बैठे थे। मां सलमा को गले लगाते ही सलमान फफक कर रोने लगे। दोनों बहनों ने उन्हें संभाला, जबकि पिता सलीम खान भरे मन से पास ही चुपचाप खड़े रहे। इसके बाद सलमान पिता और फिर दोनों बहनों से गले मिले। अलवीरा व अर्पिता ने राखी बांधी और मिठाई खिलाई।
इस मौके पर सलमान भी भावुक हो उठे और उनकी आंखें छलकने लगीं। सलमान ने मां के विदा होते समय उनका हाथ चूमा और बोले कि आपकी दुआ से कल बाहर आ जाऊंगा और साथ मुंबई चलेंगे। सलमान ने अपने मां-पिता से बुधवार को कोर्ट में होने वाली सुनवाई के बारे में बातचीत की।
क्या हमारा भाई सलमान से कम है?: जेल प्रशासन ने सलमान की बहनों के लिए खास इंतजामात किए, जिससे अन्य कैदियों की बहनों को घंटों इंतजार करना पड़ा। अलवीरा व अर्पिता तय समय से काफी देर से र्आई और करीब डेढ़ घंटे बाद बाहर निकलीं तब तक सुबह से खड़ी सैकड़ों दूसरी बहनें बेहाल हो र्गई। धूप में खड़ी जयंती तो बिफर पड़ी, ‘हमारा भाई सलमान से कम नहीं।’जेल में करीब 1100 पुरुष बंदी हैं। वीआईपी बहनों के जाने के बाद ही उन्हें कुछ मिनटों के लिए भाइयों से मिलने दिया गया।
सलमान की जमानत पर सुनवाई आज:
निचली अदालत द्वारा सलमान को दी गई पांच वर्ष की सजा को जिला व सत्र न्यायाधीश ने बहाल रखा था। इसके विरुद्ध हाईकोर्ट में पेश याचिका पर बुधवार को सुनवाई होगी। हाईकोर्ट इस दिन उन्हें जमानत लाभ दे सकती है या निचली अदालत का रिकॉर्ड तलब कर तारीख नियत कर सकती है।
रिकार्ड तलब होने की स्थिति में सलमान के अधिवक्ता इसे 30 अगस्त को रखने की गुहार कर सकते हैं, क्योंकि 31 अगस्त को हाईकोर्ट की बैंच जयपुर में स्थापित करने के कारण यहां के अधिवक्ता न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हैं। एक सितंबर को शनिवार व 2 को रविवार होने के कारण हाईकोर्ट में अवकाश रहेगा। यदि बुधवार को सुनवाई नहीं होती है तो यह 3 सितंबर तक मुल्तवी हो सकती है।
पूर्व मंत्री बीना काक ने भिजवाई राखी
पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री बीना काक ने मंगलवार को फिर सलमान से मिलने का प्रयास किया, लेकिन जेल प्रशासन ने उन्हें नियमों का हवाला देते हुए मुलाकात नहीं करने दी। बाद में उन्होंने एक इंस्पेक्टर के जरिये अपनी बेटी की ओर से सलमान को राखी भिजवाई। काक राखी पर सलमान से मिलने की तमन्ना लिए पिछले तीन दिन से यहां सर्किट हाउस में ठहरी हुई थी। राखी पहुंचाने के बाद वे यहां से रवाना हो गईं।
संबंधित खबरें
* सलमान की सुनवाई बुधवार को
* सलमान अब कैदी के गेटअप में
* जेल में मनेगी सलमान की राखी
* तीसरी बार जोधपुर जेल पहुंचे सलमान
* जेल में सलमान का इंतजार