जोधपुर :
शिकार मामले में जोधपुर जेल में बंद बालीवुड अभिनेता सलमान खान को आज राजस्थान हाइकोर्ट ने जमानत दे दी। यह जमानत उन्हें कुछ निश्चित शर्तो और एक लाख रपए के निजी मुचलके पर मिली है।
सलमान को उनकी जमानत याचिका मंजूर होने के कुछ ही देर बाद जोधपुर जेल से रिहा कर दिया गया। सलमान के वकील दीपेश मेहता ने बताया कि हाईकोर्ट ने निचली अदालत द्वारा सलमान को दी गई पांच साल की सजा को स्थगित करते हुए 24 अक्टूबर को सुनवाई की अगली तारीख तय की है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल कोर्ट के आदेश के कागजात हासिल किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि 1998 में फिल्म हम साथ-साथ हैं कि शूटिंग के दौरान सलमान खान दुर्लभ चिंकारा का शिकार किया था। इस मामले में वे तीसरी बार जेल भेजे गए हैं। पहली बार 1998 में उन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।
इसके बाद सीजेएम की अदालत से पांच साल की सजा मिलने के बाद तीन दिनों तक उन्हें जेल में रहना पड़ा था। डिस्ट्रीक्ट सेशन कोर्ट द्वारा जमानत देने के बाद सलमान रिहा हुए थे। इसी कोर्ट ने उनकी पांच साल की सजा को बरकरार रखा। सलमान को जोधपुर हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।