|
बीकानेर:
राजस्थान का वैलकम सांग केसरिया बालम सुनाकर बीकानेर के लाड़ले राजा हसन ने जाई मां की याद ताजा करवा दी। जीटीवी के सारेगामा कार्यक्रम में गेस्ट रेल मंत्री लालूप्रसाद यादव की तारीफ बटोरने वाले राजा ने कार्यक्रम के आरंभ से ही देहात की मिट्टी की खुशबू बिखेरी। उसने जैसे ही अलाह जिलाई बाई (जाई मां) की मांड गायकी के लोकगीत ‘साजन साजन म्हें करूं..साजन लिख लिख पातरी म्हें बांचूं घड़ी-घड़ी’ की तान छेड़ी वैसे ही टेलीकास्ट हो रहे कार्यक्रम को देख रहे राजस्थान से जुड़े तमाम दर्शक रोमांचित हो गए।
सुरीले कंठ से मांड के स्वर मानो अब तक राजा के लबों पर आने का ही इंतजार कर रहे थे, जाई मां की ही अदायगी जैसा सुकून दर्शकों को मिला। साथ ही दलेर मेहंदी के साथ स्टेज पर राजा अपनी अलहदा शैली में दर्शकों के दिलों पर छा गया। उसने न केवल रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव का आशीर्वाद प्राप्त किया बल्कि अपनी यादें ताजा करते हुए भैंस के सींग पकड़कर चोटिल होने की घटना से भी उन्हें अवगत करवाया और पूछा, आप कैसे चढ़े! जवाब में उसे राजा हिन्दुस्तानी के संबोधन के साथ सुनाई दिया, जहां चढ़ गए हो उतरो मत वहां से। इसी के साथ जजेज समेत दर्शकों की तालियों ने राजस्थानी पगड़ी में सजे राजा को नंबर वन का खिताब पाने वाला दमदार दावेदार सिद्घ कर दिया। राजा ने पगड़ी को राजस्थानियों का मान-सम्मान बताते हुए इसे जमी रहने के लिए अधिक से अधिक संख्या में एसएमएस करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में गेस्ट के रूप में रेलमंत्री की एंट्री भी रोचक तरीके से दिल्ली से यात्रा आरंभ कर, प्लेन, हैलीकाप्टर, सिक्योरिटी सहित कार से स्टूडियो तक पहुंचने के दृश्यों के साथ हुई। रेलमंत्री लालूप्रसाद यादव ने कहा, संगीत/लोकगीत के माध्यम से ही दुनिया का तनाव दूर किया जा सकता है। उन्होंने वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश भी दिया।
बिग-स्क्रीन पर देखा राजा को
शहरभर के संगीत रसिकों ने सर्वोदय बस्ती, भिश्तियान, दमामियान आदि स्थानों पर बिग स्क्रीन पर राजा का टेलीकास्ट हुआ कार्यक्रम देखा और सराहा। साथ ही नोखावासियों ने भी बिग स्क्रीन लगाकर अपने प्रिय बिग-सिंगर राजा हसन की प्रस्तुति को देखा।यहां विभिन्न मोहल्लों में चौहान यूथ क्लब, मोहल्ला भिश्तियान युवा कमेटी की तरफ से अलग-अलग हुए आयोजनों में अतिथि के तौर पर पहुंचे मजीद खोखर, उमर दराज, रमजान मुगल, माशूक अहमद, रफीक सागर, फैयाद सागर, अनवर अजमेरी, कुदरत अली चौहान, अल्ताफ अली चौहान, रमजान खान, याकूब अली, फारूक अली इकबाल अहमद बाली, इकबाल समेजा, जाकिर हुसैन, जुृनैद भाटी, पार्षद नरेन्द्र सोलंकी, नवीन सोनी, भूरसिंह जोशी, शहनाज भाटी, तौफीन भाटी, रमजान कच्छावा समेत अनेक संगीत रसिकों ने राजा के पक्ष में अधिक से अधिक संख्या में एसएमएस करने का आह्वान किया।
राजीव यूथ क्लब की ओर से नत्थूसर गेट के अंदर गंजिया महाराज, चंद्र हर्ष, गोपाल, बबलू जेडी मघरा ने कैम्प लगाकर लोगों को राजा के लिए एसएमएस करने का आह्वान किया। नोखा में नत्थूखां के संयोजन में बिग स्क्रीन लगाई गई जहां दूरदराज से दर्शकों ने अपने लाड़ले राजा को सराहा।
राजीव यूथ क्लब ने बूथ लगाए
जीटीवी के सारेगामापा कार्यक्रम में भाग ले रहे बीकानेर के राजा हसन के पक्ष में नि:शुल्क एसएमएस के लए शनिवार को राजीव यूथ क्लब ने नगर के प्रमुख चौराहो पर बूथ लगाए। बूथ का उद्घाटन जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पच्चीसिया, सुशील थिरानी व राजेन्द्र दफ्तरी ने किया। क्लब के अध्यक्ष अनिल कल्ला ने बताया कि सुबह ११.३क् बजे शुरू हुए इस बूथ पर लोगों ने देररात तक राजा के पक्ष में एसएमएस किए।
इस मौके पर रफीक सागर, राजू दफ्तरी, विमल दम्माणी, गुलाब गहलोत, मूलचंद दम्माणी, अनवर अजमेरी, बिट्ठल बिस्सा आदि ने लोगों को एसएमएस के बारे में जानकारी दी। साहित्यकार भवानीशंकर व्यास ‘विनोद’ ने भी बूथ पर आकर एसएमएस किया। । भारतीय जीवन बीमा निगम मंडल कार्यालय के कर्मचारियों ने भी राजा हसन के पक्ष में एसएमएस किए। योगेश किरोड़ी, वी.पी. व्यास, महेश पुरोहित, ईशाक अली, सुरेन्द्रसिंह गहलोत आदि ने राजा हसन के पक्ष में एसएमएस किए। राष्ट्रीय युवा योजना एवं मोहल्ला विकास समिति, रघुनाथसर कुआं की ओर से राजा के पक्ष में एसएमएस किए। संस्था के अध्यक्ष नारायणदास किराड़ू ने बताया कि सुरेन्द्र सोनी, जैनुदीन, चतुभरुज आदि ने एसएमएस किए।