|
बीकानेर:
पुलिस लाइन के पास विनोबा खेल मैदान में एक कांस्टेबल ने अपनी कथित प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद कांस्टेबल घटनास्थल से फरार हो गया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। विनोबा बस्ती के खेल मैदान में दोपहर करीब 12 बजे कांस्टेबल सुखदेवसिंह व उसकी कथित प्रेमिका श्रीगंगानगर जिले में केसरीसिंहपुर निवासी विद्या नायक (40) में झगड़ा हो गया। इस दौरान अचानक सुखदेव ने चाकू निकालकर विद्या पर हमला कर दिया।
विद्या के गर्दन और छाती पर चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी और सुखदेव वहां से फरार हो गया। वारदात के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चाकू लगने से लहूलुहान विद्या मौके पर तड़पती रही। सूचना मिलने पर सदर पुलिस थाने के एसएचओ घेवरचन्द सारस्वत व एएसआई जोराराम मौके पर पहुंचे। महिला के शव को गाड़ी में डालकर पीबीएम अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएचओ सारस्वत ने बताया कि मौके से महिला की चुन्नी व चप्पल बरामद किए गए हैं और उसके परिजनों को बुलाया गया है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को करवाया जाएगा। एएसआई जोराराम की ओर से हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस ने अभियुक्त को लूणकरणसर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी ने की प्रेमिका की शिनाख्त
सुखदेव की पत्नी ने मृतका विद्या की शिनाख्त की और उसके बाद पुलिस को पता चला कि मामला अवैध संबंधों का है। वारदात के बाद पुलिस महिला को घायल अवस्था में अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। बाद में पुलिस सुखदेव की पत्नी को अस्पताल ले गई और उसने शव देखकर विद्या की शिनाख्त की।
कालू में पकड़ा
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद अभियुक्त सुखदेव बस में सवार होकर श्रीडूंगरगढ़ पहुंच गया। वहां से जीप में सवार होकर लूणकरणसर के कालू गांव पहुंचा। कालू में उसने एक एसटीडी-पीसीओ की दुकान से अपने परिचित से बात की। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने दुकान के संचालक से तस्दीक की और कालू में तलाश शुरू की दी। बाद में उसे कालू में ही पकड़ लिया।
सालों पुराने थे संबंध
पुलिस को पता चला है कि करणपुर निवासी कांस्टेबल सुखदेवसिंह व केसरीसिंहपुर निवासी विद्या नायक के 16-17 सालों से प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी विद्या के परिजन व सुखदेव की पत्नी को भी थी। पुलिस को पूछताछ में सुखदेव ने बताया कि विद्या की डिमांड बढ़ती जा रही थी और वह मानसिक रूप से परेशान करने लगी थी। मंगलवार को झगड़े के बाद उसने विद्या पर चाकू से वार कर दिए।
कांस्टेबल निलंबित
एसपी अशोक राठौड़ ने हत्या के अभियुक्त और पुलिस लाइन में अनुपस्थित चल रहे कांस्टेबल सुखदेवसिंह को निलंबित कर दिया है। सुखदेव आठ अगस्त से अनुपस्थित चल रहा था। वह मंगलवार को ही श्रीगंगानगर से बीकानेर आया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महकमे में सुखदेव की छवि अच्छी नहीं है। उसका पिछला रिकार्ड देखा जा रहा है।