|
ओवल:
मैन ऑफ द मैच सचिन तेंडुलकर (94) व सौरव गांगुली (53) के अर्धशतकों तथा रॉबिन उथप्पा (47*) की आक्रामक पारी की मदद से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ छठे वनडे में बुधवार को दो गेंद शेष रहते दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने 317 रन का लक्ष्य 49.4 ओवर में हासिल करते हुए सात मैचों की सीरीज में 3-3 की बराबरी कर ली। सातवां व अंतिम वनडे आठ सितंबर को लॉर्डस में होगा।
सचिन व गांगुली ने पहले विकेट के लिए 150 रन जोड़ते हुए भारत को अच्छी शुरुआत दी। 41वें ओवर तक भारत ने 234 रन तक पांच विकेट खो दिए थे। ऐसे समय में धोनी और उथप्पा ने बागडोर संभाली और टीम को रोमांचक जीत दिलाई। उथप्पा ने 33 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से नाबाद 47 रन बनाए, जबकि धोनी ने 37 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली। सचिन ने पुराने तेवर दिखाते हुए 81 गेंदों पर 16 चौकों व छक्के की मदद से 94 रन बनाए।
इससे पूर्व टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने ओवेस शाह (107*), पीटरसन (53) व राइट (50) की शानदार पारियों की बदौलत छह विकेट पर 316 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। उसके लिए मैस्करेनहास ने भी 36 नाबाद रन की धुआंधार पारी खेली। उन्होंने पारी के अंतिम ओवर में युवराज की पांच गेंदों पर पांच छक्के लगाए।
इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। कुक सीरीज में तीसरी बार जहीर के शिकार बने और खाता खोले बिना पैवेलियन लौट गए। दूसरा झटका आगरकर ने प्रियोर को आउट कर दिया। चावला ने बेल को 49 रन पर आउट कर 59 रन की साझेदारी पर विराम लगा दिया। अगले ही ओवर में कोलिंगवुड के भी रन आउट होने से इंग्लैंड के 83 रन पर ही चार विकेट हो गए। पीटरसन के साथ पारी जमाने के बाद शाह ने आक्रामक तेवर अपना लिए।
वे 95 गेंद पर 107 रन बनाकर अंत तक क्रीज पर डटे रहे। युवा खिलाड़ी राइट व मेस्करेनहास ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। भारत के लिए एक बार स्पिनर पियूष चावला व रोमेश पोवार ने किफायती गेंदबाजी की। इंग्लैंड के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए।