|
कोटा: कोटा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि बीते 24 घंटे में शहर पुलिस पर हमले की तीन अलग-अलग घटनाएं हुई। पुलिस ने तीनों मामलों में राजकार्य में बाधा डालने के मुकदमे दर्ज किए।
थानेदार से मारपीट
नयापुरा थाना क्षेत्र में अदालत में पेशी से लौट रहे थानेदार पर गाड़ी में एक बंदी ने हमला कर दिया। सीआई जसवंत सिंह ने बताया कि बंदी लाला रविवार रात को जोधपुर से कोटा पेशी पर आया था। चालानी थानेदार गजराज ंिसंह कुछ कैदियों के साथ उसे अदालत लेकर पहुंचा। वहां उनकी बंदी लाला से कहासुनी हो गई। लौटते समय लाला ने गाड़ी में उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें अलग किया। पुलिस ने गजराज सिंह की रिपोर्ट पर लाला के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया है।
बैंक में पुलिस गार्डे पर हमला
यूको बैंक की शॉपिंग सेंटर शाखा में सोमवार देररात कुछ हमलावर पीछे से गली में लगे चैनल गेट की जाली काटकर बैंक की गैलरी में आए और रोशनदान की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। उन्होंने मेन स्विच ऑफ कर दिया। अंधेरे में उन्होंने पुलिस गार्ड ऋषिकुमार व गार्ड मुन्नालाल पर हमला कर घायल कर दिया।
शोर सुनकर बाहर गश्त पर जा रहे दो कांस्टेबल दौड़कर वहां पहुंचे गए। उन्होंने मुख्यद्वार खटखटा कर आवाज लगाई। यह देखकर बदमाश भाग खड़े हुए। मुन्नालाल ने हिम्मत कर मुख्यद्वार का ताला खोला और पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी। वे दोनों बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़े, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिसकर्मियों ने तत्काल गुमानपुरा थाने पर सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
इधर, घायल गार्डे को एमबीएस अस्पताल भर्ती करा दिया गया। गार्ड इंचार्ज मुनीब व गार्ड इस्साक मोहम्मद ने शाखा प्रबंधक उमेश गर्ग को हादसे की सूचना दी। इस पर वे और ऑफिसर वीपी जोशी भी बैंक पहुंच गए। उन्होंने बैंक के सभी लॉकर को चैक किया। उन्होंने सभी लॉकरों को सुरक्षित पाया। शाखा प्रबंधक ने किसी भी चीज के चोरी होने से इंकार किया है। पुलिस ने मौके से सरिया, लट्ठ व कुल्हाड़ी बरामद किए हैं। गार्ड मुन्नालाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
* आहट् सुनकर जब मैं भाग कर आया तो लॉकर प्रवेश द्वार के पास ऋषिकुमार ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। मैं जैसे ही पास में गया उस व्यक्ति ने सिर पर सरिया दे मारा। चोट लगते ही मैं अर्ध बेहोश हो गया, तभी मुख्यद्वार से पुलिसकर्मियों की आवाज सुनाई दी। उसने ऋषिकुमार के हाथ पर काटा और भाग गया।
—मुन्नालाल शर्मा, पुलिस गार्ड
पुलिसकर्मी को पीटा
गुमानपुरा थाना क्षेत्र में एक टेम्पो चालक ने यातायात पुलिसकर्मी को पीट दिया। यातायात पुलिसकर्मी ने उससे टेम्पो हटाने के लिए कहा था। पुलिस के अनुसार यातायात कर्मी कैलाशचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मंगलवार सुबह एयरोड्राम पर ड्यूटी पर तैनात था, तभी टेम्पो चालक नन्नू खां टेम्पो लेकर वहां रुका। कैलाश ने उससे टेम्पो हटाने के लिए कहा। इस पर दोनों के बीच कहासूनी हो गई। नन्नू खां ने कैलाश चंद के साथ मारपीट कर डाली। पुलिस ने कैलाश चंद की रिपोर्ट पर राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।