|
श्रीनगर.जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने हाउसिंग और अरबन डेवलपमेंट मिनिस्टर काजी मोहम्मद अफजल के इस्तीफे को रिजेक्ट करते हुए मंत्री के
आरोपों पर आश्चर्य व्यक्त किया है। काजी को भेजे पत्र में आजाद ने कहा कि मैं ऐसी कोई वजह नहीं देखता हूं जिसके कारण आपका इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आपको अपने मंत्रीपरिषद में काम करते हुए देखना चाहता हूं। वन मंत्रालय छिन जाने के कारण काजी काफी खफा थे और उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। काजी ने अपने इस्तीफे में कहा था कि विभाग परिवर्तन से पहले उनसे राय नहीं ली गई थी।
वहीं मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने यह फैसला लेने से पहले काजी को बताया था कि कुछ समय बाद फिर वापस उन्हें यह मंत्रालय दे दिया जाएगा। फिलहाल कुछ अड़चनों के कारण उनका विभाग बदला जा रहा है।
आजाद ने कहा कि उनके प्रस्ताव पर काजी सहमत थे फिर बाद अचानक उन्होंने इस्तीफा भेज दिया। आजाद ने अपने पत्र में यह भी जिक्र किया कि काजी के खिलाफ कोई शिकायत भी नहीं है और वे उन्हें अपने मंत्रीमंडल में देखना चाहते हैं।