|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
राखी सावंत की किसी फिल्म में एक्सपोजर वाले सीन न हों, यह सुनकर अजीब लगता है, पर राखी को एक ऐसी फिल्म का ऑफर मिला है, जिसमें उनका कोई भी हॉट सीन नहीं है। बहरहाल राखी ने भी निर्माता के इस फैसले का स्वागत करते हुए फिल्म में काम करने की स्वीकृति दे दी है।
सूत्रों के मुताबिक राखी द्वारा साइन की गई फिल्म की एक और विशेष बात यह है कि इसकी शूटिंग लंदन में होगी। फिल्म में अपने रोल को लेकर राखी भी बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से वे दर्शकों को अपनी अभिनय क्षमता से वाकिफ करवाने में पीछे नहीं रहेंगी।
शम्मी कपूर के बेटे आदित्य राज कपूर ‘बाल्टीदेवी’ नाम से एक फिल्म बनाने जा रहे हैं जो संगीत प्रधान है। इस फिल्म में लीड रोल के लिए उन्होंने राखी सावंत को साइन किया है। इस फिल्म का निर्माण बालाकुमार और राजीव अग्रवाल कर रहे हैं और दिसंबर से इसकी शूटिंग शुरू होगी। आइटम गर्ल राखी ने बताया कि जब उन्हें इस फिल्म का ऑफर आया तो वे उछल पड़ीं, क्योंकि कहानी सुनाने से पहले ही आदित्य ने उनसे कहा था कि पूरी फिल्म में उन्हें अंग प्रदर्शन नहीं करना है।
राखी ने कहा, ‘मैं जानती हूं कि लोग मुझे आइटम गर्ल के रूप में ही देखना चाहते हैं और उसी वजह से मैं यहां तक पहुंची हूं। मेरे लिए यह किरदार बहुत ही कठिन है, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि दर्शकों को मेरा यह रूप अवश्य पसंद आएगा।’ यह पूछे जाने पर कि क्या इस फिल्म के बाद वे अंग प्रदर्शन करना छोड़ देंगी, राखी ने कहा कि उन्होंने आइटम गर्ल की इमेज के सहारे ही इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई है और इस बात को वे कभी नहीं भूल सकतीं।
आदित्य राज कपूर ने बताया कि उन्होंने राखी को जब करण जौहर के शो में देखा तो उन्हें लगा कि वे ही ‘बाल्टीदेवी’ बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म एक ऐसी युवती की कहानी पर आधारित है, जो गरीब परिवार से होने के बावजूद लंदन स्थित प्रवासी भारतीयों की कॉलोनी साउथहॉल की सबसे रईस लड़की बन जाती है।