|
झज्जर छुछकवास गांव के हायर सैकेंडरी स्कूल में एक छात्रा ने हास्टल के कमरे में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना सोमवार रात की है। छोछी गांव निवासी सूरजभान की लड़की अंकुर छुछकवास गांव में आरईडी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। विज्ञान संकाय की यह छात्रा स्कूल के हास्टल में रहती थी। बताते हैं सोमवार को अन्य दिनों की भांति अंकुर खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी।
सुबह आठ बजे तक अंकुर के अपने कमरे से बाहर नहीं आने पर हास्टल की वार्डन उसे उठाने के लिए गई। जब काफी देर तक खटखटाने पर अंदर से दरवाजा न खुला तो स्टाफ सदस्यों को बुलाया गया। स्टाफ के सदस्यों ने कमरे की खिड़की तोड़कर दरवाजा खोला तो अंकुर को पंखे पर लटका पाया। तुरंत ही मामले की जानकारी छात्रा के परिजनों को दी गई और पुलिस को भी घटना से अवगत कराया गया। पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज किया है।