|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म ‘यू मी और हम’ बना रहे अजय देवगन ने पिछले दिनों जब बरसात के एक सीन को फिल्माने के लिए मुंबई के दमकल विभाग से गाड़ियां भेजने का अनुरोध किया तो उन्हें साफतौर पर मना कर दिया गया। दमकल अधिकारियों के इस सख्त लहजे से परेशान अजय ने आखिरकार सामान्य वॉटर टैंकर की मदद से ही सीन को शूट किया।
सूत्रों ने बताया कि काजोल और अजय पर फिल्माए जाने वाले बारिश के इस सीन की शूटिंग के लिए कुछ वॉटर टैंकर मंगवाए गए थे। शॉट फिल्माया भी गया, लेकिन अजय को शॉट रियल नहीं लगा, क्योंकि टैंकर से बरसाए जाने वाले पानी का प्रेशर काफी कम था। शॉट से असंतुष्ट अजय ने इस दृश्य को फिर से फिल्माने की योजना बनाई और इसके लिए दमकल विभाग से गाड़ियां भिजवाने का अनुरोध किया। अजय इसके लिए १५ हजार रुपए के अलावा प्रत्येक गाड़ी के लिए घंटों के हिसाब से भुगतान करने को भी तैयार थे। इसके बावजूद दमकल विभाग के अधिकारियों ने अजय देवगन के आग्रह को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद अजय ने दमकल अधिकारियों पर ऊपर से दबाव डालने की भी कोशिश की, लेकिन इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
दमकल विभाग का कहना था कि वे आग बुझाने वाली गाड़ियों को आपात स्थिति के लिए तैयार रखते हैं, इसलिए शूटिंग में उनके इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जा सकती। आखिरकार अजय ने फिल्म में टैंकर के पानी के सहारे शूट किए गए दृश्य को ही कायम रखा।