News
International International कैरो.
अलकायदा के हथियारबंद दस्ते ने घोषणा की है कि 9/11 की छठी बरसी के अवसर पर वह शीघ्र ही ओसामा बिन लादेन का वीडियो टेप जारी करेगा। इस टेप के जरिए लादेन अमेरिका के लोगों को संबोधित करेगा। एक इस्लामी वेबसाइट के जरिए यह संदेश प्रसारित किया गया।
अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों का कहना है अमेरिका पर फिलहाल किसी संभावित हमले की चेतावनी उन्हें नहीं मिली है। फिर भी लादेन का वीडियो जारी होना काफी महत्वपूर्ण संकेत है। विशेषज्ञों का मानना है कि 11 सितंबर 2001 को अमेरिका पर हुए हमले की बरसी के लिए अलकायदा ने यह हथकंडा अपनाने का फैसला किया है।
तीन साल बाद पहला वीडियो
पिछले तीन सालों में लादेन का यह पहला वीडियो टेप होगा। अक्टूबर 2004 के बाद से लादेन का कोई वीडियो टेप नहीं जारी हुआ है और पिछले एक साल अलकायदा चीफ ओसामा ने कोई ऑडियो टेप भी जारी नहीं किया है। अलकायदा की तरफ से जारी इस घोषणा में एक स्थिर चित्र में बिन लादेन को कैमरे की तरफ संबोधित करते हुए दिखाया गया है।
लादेन ने रंगाई दाढ़ी
वेबसाइट पर जारी फोटो में लादेन की दाढ़ी पूरी तरह ब्लैक है जबकि पहले के जो भी वीडियो जारी हुए हैं उनमें लादेन की दाढ़ी हल्की भूरी और कुछ सफेद जैसी नजर आती है। आतंकियों के संदेशों की निगरानी करने वाले अमेरिका के साइट इंस्टीच्यूट के निदेशक रीता काट्ज का कहना है कि हो सकता है लादेन ने अपनी दाढ़ी डाई कर ली हो क्योंकि अरब के नेताओं में दाढ़ी डाई करना काफी पॉपुलर है। काट्ज ने कहा कि अलकायदा अपने नेटवर्क को मजबूत करने और लोगों में दहशत बरकरार रखने के लिए बिन लादेन को युवा और स्फूर्ति से भरा हुआ दिखाना चाहता है।
अल सहाब ने भेजा संदेश
एक इस्लामी वेबसाइट पर अलकायदा के हथियार दस्ते अल सहाब की ओर से यह संदेश दिया गया है। यह दस्ता अक्सर इस्लामी वेबसाइट पर अपने संदेश देता है। आतंकी नेटवर्क से जुड़ी वेबसाइटों की निगरानी करने वाली अमेरिकी ग्रुप इंटेल सेंटर का कहना है कि 11 सितंबर की बरसी से 72 घंटे पहले लादेन का वीडियो आ सकता है।