HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

सड़क हादसे में पांच जातरुओं की मौत

अजमेर: accident अजमेर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर गुंदा गांव के निकट ट्रेलर की टक्कर से जुगाड़ में बैठे पिता-पुत्र समेत पांच जातरुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। ये सभी लोग शुक्रवार तड़के रामदेवरा यात्रा से लौट रहे थे। इस हादसे से पहले जुगाड़ को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। चालक ने इसे सड़क किनारे खड़ा कर रखा था।

पुलिस के मुताबिक रघुनाथगढ़ निवासी भैरूलाल खारोल अपने परिवारजनों के साथ जुगाड़ में रामदेवरा से लौट रहे थे। गुंदा गांव के पास पुलिया पर एक ट्रक ने जुगाड़ को पीछे से टक्कर मार दी। कुछ जातरुओं को हल्की चोटें आईं। चालक ने जुगाड़ रोक दिया। जातरू अभी खुद को संभाल ही रहे थे कि पीछे से आ रहे ट्रेलर ने भी जुगाड़ को टक्कर मार दी और उसे घसीटते हुए करीब पचास फीट ले गया।

इस घटना में जोताया निवासी मिट्ठूलाल (40) पुत्र रामनाथ खारोल, पुखराज (14) पुत्र मदनलाल, सोहनलाल (40) पुत्र घासीलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जोताया खेड़ी निवासी भोला (50) व उसके पुत्र पप्पू (25) की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घायल पांचूलाल, लाडादेवी, रामदेव, मनरूप, नाराज पुत्री पांचू, पूजा पुत्री मिट्ठू खारोल, रोडू़राम, संपत पत्नी सोहन खारोल, छोटी, भंवरलाल, संतोक व गोर्वधन कारू को मौके पर पहुंची पुलिस नसीराबाद अस्पताल ले गई। गंभीर हालत होने पर पांचूलाल, लाडादेवी, रामदेव व मनरूप को जेएलएन अस्पताल रैफर कर दिया गया।

आर्थिक सहायता : प्रशासन ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों के परिवारजनों को दस हजार व घायलों को पांच-पांच हजार रुपए की आर्थिक सहायता मुहैया कराने की घोषणा की है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: