बेनोनी: क्रिकेट की हर विधा में निर्विवाद चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने ट्वंटी20 वर्ल्डकप के एक हाईस्कोरिंग अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर विरोधियों पर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। ऑस्ट्रेलिया विरोधी टीम के 183 के विशाल लक्ष्य के सामने अपने तीन विकेट महज 15 रन पर ही गंवा चुका था, लेकिन इसके बाद साइमंड्स और माइकल हुस्से ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मैच को लगभग एक तरफा बना दिया।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 182 रन बनाए थे। इसमें मध्यक्रम के बल्लेबाज रियान टेलर के 53 और ऑलराउंडर क्रेग मैक्मिलन के सिर्फ 29 गेंदों पर बनाए 60 रनों का अहम योगदान रहा। मैक्मिलन ने अपनी पारी में 4 छक्के और 5 चौके मारे। टेलर ने अपनी 39 रनों की पारी में 3 छक्के और 3 चौके लगाए।
जवाब में शेन बांड ने अपने पहले ही ओवर में एडम गिलक्रिस्ट और मैथ्यु हैडन को बिना खाता खोले पवेलियन लौटा दिया। गिलेस्पी ने पारी के दूसरे ओवर में ब्रेड हॉग को आउट कर स्कोर 15 रन पर 3 विकेट कर दिया। लेकिन कभी न हार मानने वाले कंगारुओं ने अगले कुछ ओवरों में ही जोरदार वापसी कर ली। साइमंड्स(70) और माइकल हुस्से(72) ने अगले 12 ओवरों में ही 113 रन जोड़कर मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। इसके बाद हुस्से ने ब्रेंड हैडिन और अन्य पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ ऑस्ट्रेलिया को मंजिल तक पहुंचा दिया। वे जब आउट हुए उस समय टीम 11 गेंदों पर सिर्फ 2 रन बनाने थे।