भोपाल राजधानी में हुई तेज बारिश से हबीबगंज अंडरब्रिज पर पानी क्या भरा, पूरी यातायात व्यवस्था चरमरा गई। बोर्ड आफिस चौराहे से हबीबगंज अंडरब्रिज और इस चौराहे से चेतक ब्रिज तक शुक्रवार की शाम को वाहनों की लंबी कतारें थीं। इन गाड़ियों के हार्न का शोर और गाड़ियों से निकलते धुएं ने लोगों को हलाकान कर दिया था। इस पर भी लोगों को केवल दो किलोमीटर का फासला तय करने में दो घंटे लग गए।
बड़ी संख्या में वाहन फंसे: शाम के वक्त बोर्ड आफिस चौराहे से लेकर अंडरब्रिज और हबीबगंज रेलवे क्रासिंग के दोनों तरफ बड़ी संख्या में वाहन फंस गए। यही स्थिति ज्योति टाकीज चौराहे पर भी बनी। इस कारण पुलिस को परिवर्तित मार्ग से वाहन निकालना पड़े। एक प्रकार से नाके के दूसरी तरफ की कालोनियों के लोगों का शहर से यातायात संपर्क टूट गया था।
दोपहर साढ़े तीन बजे से बोर्ड आफिस चौराहे से वाहन फंसने की स्थिति बन गई थी। जो लोग बोर्ड आफिस से मिसरोद तरफ जाना चाहते थे, उन वाहन चालकों को अंडरब्रिज में पानी भरा होने के कारण वापस आना पड़ा। हबीबगंज रेलवे फाटक भी बंद था। फाटक के दोनों तरफ लंबी कतार थी। जब फाटक खुला तो यहां से लोगों के निकलने का क्रम थमा नहीं और शाम के वक्त इस गेट को बंद करने में रेलकर्मी को पुलिस के साथ काफी मशक्कत करना पड़ी।
चक्कर लगाकर जाना पड़ा: जिन लोगों को एमपी नगर या न्यू मार्केट से नाके के उस तरफ यूनिवर्सिटी, नारायण नगर, बागसेवनिया, मिसरोद, शक्ति नगर, साकेत नगर या भेल जाना था, उन्हें सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अंडर ब्रिज में पानी भरा होने के कारण लोग अपने वाहन लेकर वापस बोर्ड आफिस तरफ आए। यहां चौराहे पर वाहन बुरी तरह फंसे थे। ज्योति चौराहे पर जो वाहन एमपी नगर जोन टू से जोन वन में आना चाहते थे, उन्हें पुलिस ने बोर्ड आफिस चौरोहे की रोटरी का चक्कर लगाने के लिए कहा।
नारायण नगर में रहने वाले संजय देशवाली बताते हैं कि वे एमपी नगर से अपने घर के लिए निकले थे, लेकिन वे दो किलोमीटर की दूरी दो घंटे में तय कर सके। बागमुगालिया में रहने वाले प्रकाश सिन्हा आईटी प्रोफेशनल हैं। उन्होंने बताया कि शाम चार बजे उन्हें एमपी नगर से घर पहुंचना था, लेकिन वाहनों की भीड़ में फंसने के कारण वे शाम छह बजे घर पहुंच सके।
ओवरब्रिज के लिए कई बार लिखा हबीबगंज अंडरब्रिज पर ट्रैफिक का काफी दबाव है। हबीबगंज रेलवे क्रासिंग समेत शहर की सभी रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज की जरूरत है। इसके लिए कई बार लिखा जा चुका है। अंडरब्रिज की पानी की समस्या के लिए नगर निगम से भी कई दफा बात हुई है, लेकिन स्थाई हल नहीं निकला। -योगराज सिंह, डीएसपी , ट्रैफिक