अमृतसर/तरनतारन:
पुरानी रंजिश के चलते श्री गुरुग्रंथ साहिब सत्कार कमेटी के सदस्यों ने गुरुद्वारा संतसर साहिब के प्रमुख बाबा सुलखन सिंह पर जानलेवा हमला कर उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया। हमलावरों ने बाबा को बचाने आए तीन सेवादारों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाबा सुलक्खण सिंह और घायल सेवादारों को अमनदीप अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। बाबा की स्थिति नाजुक बनी हुई है। शुक्रवार को घटना उस समय घटी जब काम निपटाने के बाद बाबा सुलक्खण सिंह तहसील कांपलैक्स से बाहर निकल रहे थे।
जबरन रोक कर हाथापाई की
सत्कार कमेटी सदस्यों ने बाबा को जबरन रोककर हाथापाई शुरू कर दी। कमेटी के सदस्यों ने बाबा की जमकर धुनाई करने के बाद उनकी ही लाइसैंसी रिवाल्वर छीन उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज सुन सेवादार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कमेटी सदस्यों ने उन पर भी फायरिंग की। फायरिंग में तीन सेवादार प्यारा सिंह, कर्म सिंह और पाल सिंह घायल हो गए। बाबा और कमेटी सदस्यों के बीच लंबे समय से टकराव है।
इससे पहले भी कई बार बाबा समर्थकों और कमेटी सदस्यों के बीच खूनी झड़पें हो चुकी हैं। शुक्रवार को जिस जगह पर झड़प हुई वहां से कुछ ही दूरी पर थाना झब्बाल है, फिर भी पुलिस घटना के एक घंटे बाद मौके पर पहुंची।
एसएसपी पवन कुमार राय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा।