चंडीगढ़:
कभी पहलवानी और फिल्मों में अभिनय कर चुके एमपी दारा सिंह के बेटे अमरीक सिंह को पुलिस ने तीन अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार कर लिया। उन पर आरोप है उन्होंने पत्नी अमृता और उनके परिचित युवक रिंकू की पिटाई की। पुलिस ने सभी आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें १४ दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अमरीक सिंह की सैक्टर-८ में कोठी नंबर-५४३ है। ग्राऊंड फ्लोर पर अमरीक और फस्र्ट फ्लोर में उनकी पत्नी अमृता बच्चों के साथ रहती हैं। दोनों का वैवाहिक विवाद कोर्ट में विचाराधीन है।
अमरीक को बच्चों से मिलने की छूृट है। जानकारी के मुताबिक वीरवार रात करीब डेढ़ बजे अमरीक अपने मामा गुररतन के साथ घर पहुंचा। घर पर अमृता के कमरे की लाइट जल रही थी। जिस पर अमरीक और गुररतन अमृता के कमरे में चले गए। बतौर अमरीक घर में दिल्ली निवासी एक युवक रिंकू मौजूद था। उनको देख कर वह घर के बैडरूम में छिप गया।
दोनों ने युवक को बाहर निकाल जमकर पिटाई की। अमृता से भी मारपीट की गई। इसी दौरान अमरीक के जानकार वकील कंवरपाल सिंह और हरविंदर सिंह भी वहां पहुंचे। अमृता ने पीसीआर में इस मारपीट की शिकायत की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अमृता और युवक रिंकू का मैडिकल कराया और उनकी शिकायत पर अमरीक सिंह रंधावा समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी पर आईपीसी की धारा ३२३/३५४ और धारा ३४ के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस को दिए बयानों में रिंकू ने बताया कि वह पहले अमृता से पढ़ता था। अब चंडीगढ़ में उसकी नौकरी लग गई है। अमृता ने उसे डिनर पर बुलाया था।