लॉर्डस
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे क्रिकेट सीरीज का आखिरी व निर्णायक मैच शनिवार को लॉर्डस में होगा। इसके लिए दोनों ही टीमों के योद्धा कमर कस चुके हैं। सात मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 3-3 से बराबरी पर हैं। एक समय 1-3 से पिछड़ी भारतीय टीम पिछले दोनों वनडे मैच जीत कर वापसी करने में कामयाब रही।
लगातार दो जीत से उत्साहित कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा है कि उनके साथी निर्णायक वनडे में सफलता हासिल कर सीरीज में विजेता बनकर वापसी करेंगे। इस मैच के बाद भारत और इंग्लैंड को दक्षिण अफ्रीका में ट्वेंटी-20 वल्र्डकप खेलना है। मनोवैज्ञानिक लाभ हासिल करने के लिए दोनों ही टीमें सीरीज का सातवां वनडे जीतने के साथ ही दक्षिण अफ्रीका कूच करना चाहेंगी। भारतीय कप्तान ने कहा, 'टीम के खिलाड़ी यह मैच हर हाल में जीतने के इरादे से खेलेंगे।' साथ ही द्रविड़ ने अपने साथियों को चेतावनी दी कि उन्हें पिछले प्रदर्शन के मुकाबले कहीं ज्यादा आक्रामक तरीके से खेलना होगा, क्योंकि लगातार दो हार से विपक्षी टीम ज्यादा बौखलाई होगी और जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएगी।
सौरव-सचिन चले तो जीतेगा भारतपिछले दोनों ही वनडे मैचों में सौरव गांगुली और मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने शतकीय साझेदारी निभाई जिससे भारत विजयी रहा। इन दोनों ही बल्लेबाजों से एक बार फिर आतिशी पारी की उम्मीद होगी। कहा जा रहा है कि सचिन और सौरव चल गए तो टीम इंडिया की जीत तय है। ओवल में सचिन के पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। अब वे फिट हैं। लॉर्डस में भारतीय टीम वही रहेगी जो ओवल में थी। ओवल में रॉबिन उथप्पा ने भी जबरदस्त बल्लेबाजी से प्रभाव छोड़ा था।
कोलिंगवुड को वापसी का भरोसा
भारत के खिलाफ 1-0 से टेस्ट श्रंखला गंवाने के बाद वनडे सीरीज में आसन्न हार को टालने के लिए इंग्लैंड के पॉल कोलिंगवुड की टीम सब-कुछ भुलाकर दृढ़ता के साथ मैदान में उतरेगी। कोलिंगवुड ने कहा, 'पिछले दो वनडे मैचों में हार के बावजूद टीम हताश नहीं है। निर्णायक मैच में हम जीतने के लिए खेलेंगे। हमारे ऊपर काफी दबाव है, लेकिन हम वापसी के लिए बेताब हैं।' उन्होंने टीम पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा, 'हमारे साथियों ने जिस तरह से संघर्ष का जज्बा दिखाया है, उससे कोई भी कप्तान अपने को खुशकिस्मत मानेगा।'