राजधानी हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने लोगों की शिकायतों के निपटारे के लिए मंत्रियों के जिलों का नए सिरे से निर्धारण किया है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ए.सी. चौधरी को मेवात व महेन्द्रगढ़ जिलों के लोगों की शिकायतों के निवारण की जिम्मेदारी दी गई है।
मांगे राम गुप्ता सिरसा जिले के लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। मुख्य संसदीय सचिव रमेश चंद्र कौशिक को रोहतक जिले के लोगों की शिकायतें सुनने के लिए कहा गया है। उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन को कैथल, वित्त मंत्री बीरेन्द्र सिंह को कुरुक्षेत्र व गुड़गांव, कृषि मंत्री हरमहेन्द्र सिंह चट्ठा को पानीपत व जींद और बिजली मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला को करनाल व फरीदाबाद जिलों के लोगों की शिकायतें सुनने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री करतार देवी को यमुनानगर व सोनीपत, सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव को हिसार व भिवानी की जिम्मेदारी सौंपी है।
और उद्योग मंत्री लक्ष्मण दास अरोड़ा को फतेहाबाद जिले के लोगों की शिकायतें सुनने के लिए कहा गया है। वन राज्य मंत्री किरण चौधरी को पंचकूला, राजस्व मंत्री सावित्री जिंदल को अंबाला और पुरातत्व राज्य मंत्री मीना मंडल रेवाड़ी जिले के लोगों की शिकायतें सुनेंगी। संसदीय मुख्य सचिव धर्मवीर को झज्झर के लोगों की समस्याएं सुनने की जिम्मेदारी दी गई है।