Sports
Other Sports Other Sports चेन्नई: सातवीं एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में शनिवार को भारत का मुकाबला हॉकी की उभरती हुई शक्ति जापान से होगा। जापान ने पाकिस्तान को हराकर सनसनी फैलाई थी। दूसरा सेमीफाइनल मलेशिया और दक्षिण कोरिया के बीच होगा।
अभी तक भारतीय टीम की अग्रिम पंक्ति के राजपाल सिंह, प्रभजोत सिंह व तुषार खांडेकर ने बढ़िया तालमेल के साथ आक्रमण किए हैं। इसके अलावा ड्रैग फ्लिकर रघुनाथ इस टूर्नामेंट में 11 गोल कर चुके हैं। भारतीय टीम ने मैच के लिए नई रणनीति से हमला करने की योजना बनाई है, जिसका खुलासा अभी कोच ने नहीं किया है।
सेमीफाइनल से पहले भारतीय टीम के गहन अभ्यास का दौर जारी है। कोच जोक्विम कार्वाल्हो टीम को सुबह शाम दो सत्रों में प्रशिक्षण दे रहे हैं। कोच का कहना है कि जापानी टीम रफ-टफ तथा बेहद फिट है। उसने पाक को हराकर अपनी बढ़ती ताकत का अहसास करा दिया है।
दूसरी ओर भारत ने ग्रुप-बी में ज्यादातर मुकाबले आसानी से जीते हैं, इसलिए उसकी कमजोरियों का आकलन थोड़ा कठिन नजर आ रहा है। कोच ने ड्रैग फ्लिकरों को कठोर अभ्यास करवाया है, क्योंकि ड्रैग फ्लिक से किए गए गोल निर्णायक साबित हो सकते हैं।
कार्वाल्हो ने कहा कि भारत ने जापान को चैंपियन चैलेंज ट्रॉफी में बमुश्किल 4-3 से पराजित किया था। हमने तब उसे कमजोर टीम आंकने की भूल की थी।
100 वां साल है जापान का
जापान में हॉकी फैडरेशन के गठन का यह 100वां साल है। इस लिहाज से उसकी प्रगति की रफ्तार भले ही धीमी क्यों न हो, लेकिन वे इस शताब्दी वर्ष में करो या मरो की नीति से खेल रहे हैं। जापानी टीम को विश्वास है कि अगर वह पाकिस्तान को हरा सकता है तो भारत को क्यों नहीं ?
लीग में भारत व जापान के गोल भारत
गोल किए : 46
गोल खाए : 2
जापान
गोल किए : 18
गोल खाए : 4
भारत का लीग में प्रदर्शन
वि. चीन 1-0,
वि. श्रीलंका 20-0,
वि. द. कोरिया 3-2,
वि. बांग्लादेश 6-0,
वि. थाईलैंड 16-0
जापान का लीग में प्रदर्शन
वि. पाकिस्तान 3-1,
वि. हांगकांग 7-1, वि. मलेशिया 0-2,
वि. सिंगापुर 8-0
भारत की ओर से सर्वाधिक गोल : रघुनाथ व प्रभजोत 11-11 गोल ।