News
International International कैरो.
अलकायदा का प्रमुख ओसामा बिल लादेन ने आज रिलीज हुए वीडियो टेप में अमेरिकी नागरिकों को इस्लाम अपनाने की सलाह दी है। इस टेप का प्रसारण अलजजीरा चैनल पर किया गया । इस टेप के कुछ हिस्से को अमेरिका के एक निजी चैनल ने भी प्रसारित किया।
लादेन का रुख कुछ नरम
पहले के प्रसारित टेपों की तुलना में इस टेप में लादेन का रवैया कुछ नरम नजर आया। इसमें बिन लादेन ने न तो किसी प्रकार की खुली चुनौती दी और न ही प्रत्यक्ष रूप से किसी हमले की चेतावनी दी। यह टेप 11 सितंबर की छठी बरसी से ठीक पहले जारी किया गया।
अमेरिका के नेता असफल
लादेन ने कहा कि इराक में अपने नागरिकों के विरोध के बावजूद इराक में जंग जारी रखकर अमेरिकी नेता असफल साबित हुए हैं।
लादेन ने दो उपाय बताए
बिन लादेन ने इस जंग को खत्म करने के दो उपाय बताए। उसने कहा कि पहला उपाय तो हमारी तरफ से जारी है। हमारे आदमी अपने हमलों को जारी रखे हुए हैं। दूसरे उपाय में लादेन ने कहा कि अब अमेरिकी नागरिक भी चाहते हैं कि यह लड़ाई खत्म हो। अमेरिकी लोकतंत्र से लोगों का विश्वास खत्म होता जा रहा है। अमेरिकी नागरिक विकल्प की तलाश में हैं और उन्हें कुछ नहीं सूझ रहा है। लादेन ने कहा कि अब एकमात्र विकल्प अमेरिकी नागरिकों के पास है कि वे इस्लाम को अपना लें।
बदली वेषभूषा
इस टेप में लादेन की दाढ़ी काली और पहले की तुलना में छोटी नजर आ रही है। लादेन को बैठकर संबोधित करते दिखाया गया है। करीब तीन साल बाद लादेन का पहला वीडियो टेप आया है।