Sports
Other Sports Other Sports न्यूयॉर्क:
भारतीय स्टार टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस का कैरियर का आठवां गै्रंडस्लैम खिताब जीतने का सपना शुक्रवार को उस समय टूट गया, जब वे मिश्रित युगल के फाइनल में हार गए। पेस व अमेरिका की मेघान शाग्नेसी की जोड़ी को बेलारूस के मैक्स मिर्नी व विक्टोरिया अजारेंका की जोड़ी ने दो घंटे तक चले फाइनल में 6-4, 7-6 से हरा दिया।
पहला सेट आसानी से गंवाने के बाद पेस-शाग्नेसी ने दूसरे सेट में जोरदार संघर्ष किया। सेट का फैसला टाईब्रेकर से हुआ और टाईब्रेकर में पेस की जोड़ी एक समय 5-1 से आगे थी, लेकिन इसके बाद मिर्नी-अजारेंका ने शानदार वापसी करते हुए टाइब्रेकर को 8-6 से जीत बतौर जोड़ी पहला ग्रैंडस्लैम जीता। मिर्नी ने अपना कुल सातवां व मिश्रित युगल का तीसरा ग्रैंडस्लैम जीता, जबकि 18 साल की अजारेंका का यह पहला गै्रंडस्लैम खिताब है।
34 साल के पेस इससे पहले महेश भूपति के साथ 1999 व 2001 में यूएस ओपन व 1999 में विंबलडन जीत चुके हैं, जबकि मार्टिन डैम के साथ पिछले साल उन्होंने यूएस ओपन जीता था। मिश्रित युगल में वे 1999 में लिसा रेमंड के साथ व 2003 में मार्टिना नवरातिलोवा के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन व विंबलडन जीत चुके हैं।
मैच के बाद पेस ने कहा कि हमने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन मैक्स व अजारेंका ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी और मैच जीतकर ही दम लिया।