HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

चुरु में पानी पानी

चूरू: rain जिले में शुक्रवार को हुई बरसात के बाद मौसम सुहाना हो गया, वहीं लोगों को भादवे में सावन के महीने का अहसास हुआ।

जिले में शुक्रवार को चूरू के अलावा सरदारशहर व तारानगर में जोरदार बारिश हुई। राजगढ़, सुजानगढ़ व रतनगढ़ में बूंदाबांदी हुई। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद दिन भर रुक-रुक कर बूंदाबांदी का जोर चलता रहा। सुबह के समय हुई तेज बरसात के कारण लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हुए। सुबह के समय ड्यूटी जाने वालों को अपने कार्यालयों में जाने में परेशानी उठानी पड़ी। शहर के कई क्षेत्रों में पानी भर गया। कुछ क्षेत्रों में घरों में भी पानी घुस गया। कई स्थानों पर पानी इतना ज्यादा था कि वाहन चालकों को घूमकर अपनी मंजिल तय करनी पड़ी। कुछ दुपहिया वाहन तो पानी में फंस गए। कई गलियों ने नदी का रूप ले लिया, वहीं अनेक रास्ते अवरुद्ध हो गए।

हालांकि बारिश से किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन निकासी के अभाव में जमा पानी लोगों के लिए पीड़ादायी साबित हुआ। शहर में करीब आधा घंटा हुई तेज बारिश ने जिला प्रशासन व नगरपालिका की ओर से की गई निकासी व्यवस्था की कलई खोली दी। फसलों के लिए बारिश उपयोगी है। मौसम में आए बदलाव के चलते गर्मी का भी प्रभाव एकबारगी कम हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को 23.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।

घांघू गांव में शुक्रवार को सुबह शुरू हुआ बारिश का सिलसिला दोपहर तक रुक रुक तक जारी रहा। मुख्य बाजार सहित कई गलियों में पानी भर गया। वार्ड दो स्थित रा. बालिका मावि, उप्रावि, सहकारी समिति व जलदाय विभाग आदि में पानी भर गया। गुरुवार रात व शुक्रवार को दिन में हुई बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे। गांव लाखाऊ, राणासर, श्योदानपुरा, बासजैसेका, दांदू, जसवंतपुरा, आसलू आदि गांवों में भी बारिश हुई।

बीदासर। कस्बे में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने से मौसम सुहावना रहा। मौसम खुशनुमा होने के कारण लोगों को कई दिनों से पड़ रही गर्मी से निजात मिली। लाडनूं। शुक्रवार सुबह बादल छाए रहने से मौसम सुहावना रहा। दोपहर तक सूरज नहीं निकलने से गर्मी भी कम रही। दोपहर बाद करीब साढ़े बारह बजे रिमझिम बारिश शुरू हुई। करीब एक बजे 20 मिनट तक अच्छी बरसात हुई।

रतनगढ़। शुक्रवार को दोपहर में हुई हल्की वर्षा से उमस बढ़ी। दोपहर करीब डेढ़ बजे 15 मिनट वर्षा हुई। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। खेती से जुड़े लोगों के चेहरों पर रौनक दिखाई दी। मुख्य बस स्टैंड व राजकीय अस्पताल के आगे बरसाती पानी एकत्रित होने से व्यापारियों को परेशानी हुई। पड़िहारा कस्बे में शुक्रवार दोपहर को हुई हल्की बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से निजात मिली। समाचार लिखे जाने आसमान में बादल छाए हुए थे। सरदारशहर।

शुक्रवार को सुबह हुई अच्छी बरसात के बाद मौसम सुहावना हो गया। कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को निजात मिली। सुबह 10 बजे हल्की बूंदाबांदी के बाद दोपहर एक बजे शुरू हुई बरसात लगभग आधा घंटे तक जारी रही। बारिश से मुख्य बाजार व गलियां जलमग्न हो गई। शहर के निचले हिस्सों में पानी भर जाने से आवागमन बाधित रहा। तारानगर बरसात से झुलसती खरीफ की फसल को जीवनदान मिला।

किसान लादूराम प्रजापत, मोहरसिंह मेघवाल ने बताया कि बारिश से ग्वार व बाजरे की फसल के साथ आगामी चने की फसल को काफी फायदा होगा। वार्ड 16 व एक सहित निचले इलाकों में पानी भरने लोग दिनभर परेशान रहे।

छापर कस्बे में शुक्रवार को दोपहर बाद हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। बारिश के बाद गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। बरसात के चलते कस्बे के निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए उपयोगी साबित होगी।

राजलदेसर कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर हुई बारिश के बाद लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। बारिश आने से किसानों को भी अच्छे जमाने की उम्मीद बंधी है।

साहवा गांव झाड़सर, भलाऊ ताल, भलाऊ टिब्बा आदि गांवों में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। बारिश के कारण गांव झाड़सर के निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। झाड़सर से कालवास जाने वाले रास्ते पर पानी जमा हो जाने से आवागमन प्रभावित हुआ।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: