बीकानेर:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सूडसर हलके के राजस्व पटवारी को जमीन तस्दीक करने के बदले 1600 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के डीवाईएसपी धर्माराम ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ के कीतासर भाटियान निवासी प्रदीप जाट ने ब्यूरो को शिकायत की थी कि उसने अपनी मां रुकमणी देवी के नाम से बिग्गाबास रामसरा में 16 बीगा 10 बिस्वा जमीन खरीदी थी। जमीन की रजिस्ट्री आठ अगस्त को श्रीडूंगरगढ़ के पंजीयन कार्यालय में करवा ली। रजिस्ट्री की एक प्रति सूडसर हलके के राजस्व पटवारी प्रेमशंकर दर्जी को दी। पटवारी ने जमीन को तस्दीक करने के लिए 1600 रुपए की रिश्वत मांगी। ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद ट्रेप का आयोजन किया।
शुक्रवार को शाम करीब पांच बजे तहसील कार्यालय के प्रांगण में पटवारी ने परिवादी से रिश्वत की राशि ली और अपनी पेंट के पीछे की जेब में डाल ली। ब्यूरो के डीवाईएसपी के नेतृžव में हैड कांस्टेबल गोपालसिंह, कांस्टेबल हनुमानसिंह, प्रेमचन्द, उदाराम, मानसिंह, यूडीसी मुरलीधर व एलडीसी मेघसिंह की टीम ने पटवारी को दबोच लिया। उसके हाथों पर गुलाबी रंग आ गया और जेब से रिश्वत की राशि बरामद कर ली। ब्यूरो ने संबंधित कागजात जप्त कर लिए हैं। अभियुक्त को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। ब्यूरो ने पटवारी के मकान की तलाशी भी ली।