रांची.शराब की लत व्यक्ति को किस हद तक गिरा देती है इसका एक बेहद कारुणिक दृश्य पूर्वी सिंहभूम जिले में देखने को मिजला जब एक बाप ने अपने नौ महीने के बेटे को शराब की खातिर बेच दिया।
बताया जाता है कि संजय महतो नामक युवक शराब का आदि था। वह रोज शराब पीता था। एक होटल के मालिक ने उसे चार हजार रुपए दिए और बदले में उससे नौ महीने के बेटे को देने को कहा। संजय राजी हो गया। वह शराब के लिए कुछ भी करने को तैयार था।
उसने अपने नौ महीने के बेटे को होटल मालिक को सौंप कर चार हजार रुपए ले लिए । संजय की इस करतूत का जब उसकी पत्नी कमला ने विरोध किया तो संजय ने उसे मारपीटकर घर से बाहर निकाल दिया। कमला अपने दो बच्चों के साथ अब अपने नौ महीने के बेटे को पाने के लिए दर दर गुहार लगा रही है।
कमला ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि वह शिकायत के अधार पर सबसे पहले यह जांच करेगी कि कहीं कानूनी नियमों के तहत तो होटल मालिक ने बच्चे को गोद नहीं लिया। यदि यह कानूनी रूप से न होकर केवल बातचीत के आधार पर किया गया होगा तो पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।