HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

मुझे लगता था कि बॉलीवुड में आना गलती है : अभिषेक

नई दिल्ली. अपने कैरियर की शुरुआत में कई असफल फिल्में देने वाले बॉलीवुड स्टार अभिषेक बच्चन ने माना है कि उन दिनों उन्हें यह खयाल आता था कि बॉलीवुड में आने का उनका फैसला कहीं गलत तो नहीं है। अभि ने यह कहा कि पिता द्वारा फिल्मों में लाए जाने के बाद वे इस मसले पर उनकी राय लेने भी पहुंचे थे।

अभिषेक ने कहा ‘हां, उन दिनों मैंने डैड से कहा था कि मुझे लगता है कि मुझसे इस कैरियर को चुनने में गलती हो गई है। तो इस पर डैड ने मुझे अच्छी डांट लगाते हुए कहा था कि मैं तुम्हें यहां इसलिए नहीं लाया हूं कि तुम इसे छोड़कर चल दो। मुझे तुम पर विश्वास है। जाओ, जाकर काम करो।’

एक निजी टीवी चैनल से बात करते हुए अभि ने कहा ‘डैड ने मुझसे कहा था कि मैं कैमरे के सामने ज्यादा वक्त बिताऊं और जब तक मुझे मौका मिल रहा है, मैं अपने अभिनय को मांझने की कोशिश करूं। 15वीं फ्लॉप फिल्म के बाद अभि को कैसा महसूस हुआ, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उस वक्त तो जैसे यह आदत हो गई थी।’

फ्लॉप और हिट फिल्मों के प्रभाव के बारे में बातचीत करते हुए अभि ने कहा कि जब आप शुरुआत करते हैं तो आप तमाम उम्मीदों से घिरे होते हैं। आपको मालूम होता है कि शायद पहली फिल्म अच्छी नहीं चलेगी, इससे तकलीफ जरूर होती है लेकिन दूसरी, तीसरी.. फ्लॉप के बाद भी आपको खुद पर भरोसा रहता है।

बॉलीवुड सुपरस्टार और पूर्व विश्व सुंदरी ऐश्वर्य राय के साथ अपनी शादीशुदा जिंदगी के बारे में अभि ने कहा कि वे इस जिंदगी का भरपूर मजा ले रहे हैं। अभि ने कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि आप अपने सबसे अच्छे दोस्त के साथ जी रहे हैं। जिसके साथ आप वक्त बिताकर सुकून महसूस करते हैं, मुझे लगता है कि शादी उसी के साथ करना चाहिए। शादीशुदा जिंदगी वाकई बहुत बेहतरीन है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: