देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी में खाकी वर्दीधारियों को प्रेरित करने के लिए कुछ हफ्तों पहले रिलीज हुई बॉलीवुड की कामयाब फिल्म चक दे इंडिया दिखाई जाएगी।
उत्तराखंड के गढ़वाल के डीआईजी अशोक कुमार ने कहा कि मनोरंजन करमुक्त हो चुकी यह फिल्म पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से दिखाए जाने के लिए एक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है। कुमार ने कहा कि अगर प्रस्ताव पास हो जाता है तो पुलिसकर्मियों को यह फिल्म पुलिस वेलफेयर फंड से दिखाई जाएगी।
चक दे इंडिया देख चुके और उससे काफी प्रभावित होने वाले डीआईजी कुमार का कहना है कि इस फिल्म में हॉकी और खिलाड़ियों के जरिए एक राष्ट्रीय चरित्र, समर्पण, अनुशासन, प्रेरणा और बेहतरीन टीमवर्क दिखाया गया है और इस फिल्म के प्रदर्शन का प्रस्ताव पास होता है तो उत्तराखंड पुलिस बल के लिए यह फिल्म प्रेरणा देने का काम कर सकती है।
गौरतलब है कि शाहरुख स्टारर शिमित अमीन निर्देशित चक दे इंडिया को देश भर में भारी लोकप्रियता मिलने के साथ ही आलोचकों की भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और इस फिल्म का असर खेल जगत के बाद अब पुलिस महकमे में भी दिख रहा है। राष्ट्रीय खेल हॉकी को प्रभावी रूप से लोकप्रिय बनाने की कवायद के रूप में एक हफ्ते पहले इस फिल्म को मनोरंजन कर से मुक्त कर दिया गया है।