अजमेर:
ट्रेडिशनल और मॉडर्न डिजाइन की ड्रेसेज पहनकर मेडिकोज जब रैंप पर आए तो चारों तरफ तालियां बजीं। डीजे फ्लोर पर रीमिक्स गीतों पर थिरकने का लुत्फ सबने उठाया। जेएलएन मेडिकल कॉलेज में शनिवार को इंपल्स-2007 कार्यक्रम अपने शबाब पर रहा। कुछ बौद्धिक परख में कामयाब रहे। कई कार्टून बनाने के शौक को पूरा करते दिखे।
कार्यक्रम का आगाज केरिकेचर प्रतियोगिता से हुआ। मेडिकोज ने कैनवास पर खूबसूरत रंगों से अंतर्मन में तैरती कल्पना को उकेरा। बौद्धिक चतुराई की परख क्विज में हुई। मेडिकल साइंस के अलावा, करंट अफेयर्स, स्पोर्ट्स, आर्ट और कल्चर से जुड़े सवालों के मेडिकोज ने तुरंत जवाब दिए। इसमें मनोज जानू और संजॉॅय चौधरी विजयी रहे।
फैशन परेड में आकर्षक ड्रेसेज पहनकर छात्राएं और छात्र रैंप पर पहुंचे तो उनके दोस्तों ने तालियां बजाकर हौसला अफजाई की। हेमेन्द्र यादव, रश्मि वर्मा, प्रियंका गर्ग, सुमिता गुर्जर, मंगल यादव, सिद्धार्थ, दीपक सोनी, प्रीति राजपुरोहित और अन्य प्रतिभागी खूबसूरत ड्रेस में खूब जमे। स्टाइलिश कुर्ता पजामा, साड़ी, डिजाइनदार सलवार सूट, कोट-पैंट और पार्टी वियर का कॉम्बिनेशन अच्छा रहा। इसके बाद डांसिंग फ्लोर पर सुरीले गीतों पर सब खूब झूमे।
रविवार को इंपल्स के तहत शाम को 6 बजे से ‘तरंग’ कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसमें गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति के साथ-साथ पुरस्कार वितरण होगा।
ये रहे कामयाब..
* वॉलीबाल: 2003 बैच (प्रथम), 2005 बैच (द्वितीय)
* सामान्य ज्ञान क्विज: कोंगचाई चौधरी (प्रथम) मनोज जानू (द्वितीय)
* एड फेड्स: सुमिता गुर्जर एंड ग्रुप (प्रथम) मनीष छाबड़ा एंड ग्रुप (द्वितीय)
* फैशन परेड: प्रभाष कुल्हेरी (प्रथम), सिद्धार्थ मेहता व सुमिता (द्वितीय)
* युगल: दीपक सोनी व सुमिता (प्रथम), मनीष छाबड़ा व ज्योति मित्तल (द्वितीय)
* ग्रुप: तौषिक गुप्ता, शोएब, दिप्ती (प्रथम), राजेंद्र गोरा, हेमेंद्र, पवन (द्वितीय)