HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

जमकर उत्पात, तोड़-फोड़

नशे में पिटे उत्पाती युवक के सजातीयों ने की दुकानों में तोड़फोड़, सब्जियां बिखेरी। दुकानदार को अधमरा किया। चार हमलावर गिरफ्तार।

अजमेर: ajmer रामगंज थाना क्षेत्र में भगवानगंज चौराहे पर शनिवार को दुकानदार से विवाद में पिटे युवक के सजातीय समर्थकों ने जमकर उत्पात मचाया, तोड़फोड़ की और एक दुकानदार को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के विरोध में बाजार बंद रखे और रास्ता जाम किया। पुलिस ने चार हमलावरों को मौके पर पकड़ लिया तथा बाकी की तलाश है। झगड़े की शुरुआत सुबह करीब ग्यारह बजे गुर्जरवास निवासी हरिसिंह गुर्जर के उत्पात से हुई।

नशे में धुत्त हरिसिंह ने भगवानगंज चौराहे पर पिंटू नामक सब्जीवाले के ठेले से टमाटर आदि उठाकर खाना शुरू कर दिया। पिंटू ने टोका तो गालियां बकने लगा। हरिसिंह ने सब्जी खरीदने आई महिला सुगनी बाई से भी बदतमीजी की। आस-पास खड़े लोगों ने टोका तो वह ठेले पर रखी सब्जियां फेंकने लगा। भीड़ ने उसे पकड़कर पीट डाला। हरिसिंह के किसी परिचित ने गुर्जरवास जा कर झगड़े की जानकारी दी, थोड़ी ही देर में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर करीब दो दर्जन से अधिक गुर्जर गैंती-फावड़े व लाठियां लेकर आ धमके।

व्यापारी घायल
हमलावरों ने हरिसिंह को समझाने आए भगवानगंज दुकानदार एसोसिशन के अध्यक्ष केदारनाथ शर्मा को बुरी तरह पीट डाला। शर्मा को हमलावरों ने फावड़ों और लात-घूंसों से मारा। उनके सिर, दोनों आंखों, हाथों व शरीर के कई हिस्सों में चोटें लगी हैं। उन्हें नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल शर्मा के सिर का सीटी स्कैन कराया गया है।

चार गिऱफ्तार
उत्पात की सूचना मिलते ही रामगंज थाना प्रभारी दिलीप शर्मा जाप्ते सहित मौके पर आ गए। पुलिस को देखकर हमलावर ट्रैक्टर में सवार होकर भाग छूटे, लेकिन पुलिस ने उनमें से हरिसिंह सहित चार हमलावरों को पकड़ लिया। पुलिस ने दुकानदार एसोसिएशन के अध्यक्ष केदारनाथ शर्मा के पर्चा बयान के आधार पर हरि गुर्जर, मुकेश गुर्जर, भवानी शंकर गुर्जर, गोपाल गुर्जर, राजू, लक्ष्मणसिंह चौहान आदि 25-30 आरोपियों के खिलाफ मारपीट कर उपद्रव मचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।

केदारनाथ ने आरोप लगाया है कि वे बचने के लिए पीसीओ में घुसे तो आरोपी वहां भी घुस गए। उन्होंने बाहर निकाल कर पीटा, पीसीओ में भारी तोड़फोड़ की।

पुलिस ने भादसं की धारा 323, 427, 308, 452, 147, 148, 149 के तहत मुकदमा दर्ज कर हरि, मुकेश, भवानी शंकर और लक्ष्मणसिंह चौहान को गिरफ्तार किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: