HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

किसी को खबर नहीं और हो गए तबादले

बिलासपुर: यह सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन सच है कि आदिवासी विभाग में 25 लोगों के तबादले हो गए और जिला प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं है। सबसे बड़ी बात यह है कि जिस अधिकारी के हस्ताक्षर से तबादले हुए हैं, वे भी विभाग में तबादले होने की बात से इनकार कर रही हैं।

आदिवासी विभाग के अंतर्गत आश्रम और हास्टल के 25 कर्मचारियों और शिक्षकों के 20 जुलाई को जारी एक आदेश के माध्यम से तबादले कर दिए गए हैं। इस संबंध में एक ही तारीख को दो अलग-अलग तबादला सूची जारी की गई है। इसमें से एक सूची में 13 और दूसरी में 12 लोगों के नाम हैं। एक सूची चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों की है।

इसमें रसोइए, चपरासी को स्थानांतरित किया गया है, जबकि दूसरी सूची में सहायक और उच्च श्रेणी शिक्षकों का तबादला किया गया है। दोनों सूचियों में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग के आदेश अनुसार यह तबादले किए जा रहे हैं।

स्थानांतरित लोगों के नाम क्रमवार देने के बाद नीचे सहायक आयुक्त आदिवासी विकास बिलासपुर श्रीमती गायत्री नेताम के दस्तखत भी हैं, लेकिन उनसे इन तबादलों के बाबत जानकारी ली गई तो उन्होंने ऐसी कोई सूची जारी होने की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया। उनका कहना था कि चार-पांच लोगों के तबादले जरूर किए गए हैं, लेकिन वे ऐसे लोग हैं, जो लंबे समय से एक ही जगह पर कार्यरत थे या जिनके खिलाफ गंभीर शिकायतें थीं।

उधर कलेक्टर सुबोध सिंह को जब सूची दिखाकर इस बाबत जानकारी ली गई, तो उन्होंने प्रशासनिक तौर पर इन तबादलों की बात से इनकार किया, साथ ही यह भी बताया कि उनके पास ऐसी कोई सूची या जानकारी ही विभागीय तौर पर नहीं भेजी गई है। उधर जिस अधिकारी के दफ्तर और हस्ताक्षर से सूची जारी हुई है, वे भी इससे पल्ला झाड़ रही हैं। इससे पूरा मामला ही संदिग्ध हो गया है।

यह है तबादला सूची
सहायक शिक्षकों और यूटीडी में एसके पोर्ते मरवाही से रतनपुर, एसआर ध्रुव रतनपुर से मरवाही, आरके र्कुे मरवाही से कोटा, केवल सिंह माकरे गौरेला से मरवाही, रामनारायण सोनवानी पेंड्रा से गौरेला, भगवानदास डहरिया गौरेला से तखतपुर, आरएन चंद्रा मरवाही से गौरेला, हरिशंकर मेश्राम कोटा से मरवाही, जेएम भास्कर पोस्ट मेट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास से परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर, केआर दयाल परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र से आदिवासी बालक छात्रावास बिलासपुर, डीआर लहरी गौरेला से कोटा और मदनसिंह पोर्ते को तखतपुर से मरवाही ब्लाक में स्थानांतरित किया गया है। इसी तरह चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों में जगदीश प्रसाद र्कुे, हेतराम गबेल, बलदाऊ राम मरकाम, बृजेश्वर साहू, दशरथ सिंह पवार, सुनील कुमार बंजारे, तिलकराम मरकाम, भागवत प्रसाद सिंह, संतराम र्कुे, नंदू श्रीवास, बजरंग प्रसाद, मुरीतराम साहू और श्यामरतन बघेल का तबादला हुआ है।

>> बिना किसी जानकारी के तबादला सूची जारी होना गंभीर मामला है। संबंधित अधिकारी से इस बाबत जानकारी लेने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई होगी।
सुबोध सिंह, कलेक्टर बिलासपुर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: