इंदौर: माध्यमिक शिक्षा मंडल (बोर्ड) परीक्षाओं के फॉर्म पर ढाई सौ रुपए तक ब्लैक चल रहा है। शिकायत शिक्षामंत्री लक्ष्मणसिंह गौड़ तक पहुंची तो उन्होंने बोर्ड के सभी संभागीय कार्यालयों में जांच के निर्देश दिए। साथ में फॉर्म भरने की आखिरी तारीख भी 10 से बढ़ाकर 17 सितंबर कर दी गई। दसवीं-बारहवीं के परीक्षा फॉर्म बोर्ड के संभागीय कार्यालयों में जरूरत के मुताबिक नहीं पहुंचे।
नियमित छात्रों को तो किसी तरह मिल गए लेकिन प्राइवेट छात्र रह गए। जमा करने की आखिरी तारीखनजदीक आते ही फॉर्म ब्लैक में बिकने लगे। शिक्षामंत्री तक शिकायतें पहुंची तो बोर्ड के सभी संभागीय कार्यालयों में जांच के निर्देश दिए। जांच में ज्यादातर कार्यालयों में कमी और कई जिलों में ब्लैक की पुष्टि हुई। तब शनिवार को ही फॉर्म भरने की तारीख सप्ताहभर बढ़ा दी। सभी जगह पर्याप्त फॉर्म पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
आंचलिक अधिकारी आनंद जैन ने बताया इंदौर-उज्जैन संभाग में सबसे ज्यादा शिकायत धार जिले की थी, जो जांच में सही निकली। इंदौर में भी कर्मचारियों की मिलीभगत उजागर हुई है। बोर्ड से पांच हजार फॉर्म और देने की मांग की है।