गोहाना राकेश उर्फ लारा की रविवार को होने वाली तेरहवीं के दौरान पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। इस दौरान पुलिस ने शहर की नाकाबंदी करके चारों तरफ से सील कर दिया है। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने जहां शहर की स्थिति की जायजा लिया है, वहीं जिला मजिस्ट्रेट ने शांति व्यवस्था कायम करने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।
गौरतलब है कि राकेश उर्फ लारा की सत्ताइस अगस्त को गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद गोहाना में वाल्मीकि समुदाय के लोग आक्रोशित होकर सड़कों पर उतर आए थे। पुलिस ने लारा की हत्या के आरोप में तीन कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया था। लारा की तेरहवीं का कार्यक्रम गोहाना के समता चौक पर होगा। पुलिस ने पन्द्रह सौ पुलिस कर्मचारी तैनात किए हैं। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा लगाई गई धारा 144 भी लागू रहेगी।
छह ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त डीपीएस नागल ने गोहाना में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए छह ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।
एसडीएम सीजी रजनीकांथन को समता चौक, बरोदा रोड व जींद रोड के मध्य का क्षेत्र तथा गोहाना का ओवरआल इंचार्ज, शुगर मिल के प्रबंध निदेशक जगनिवास को बरोदा रोड, महम रोड के बीच के क्षेत्र का, तहसीलदार राजेश ख्यालिया को महम रोड तथा सोनीपत रोड के मध्य के क्षेत्र का, उप तहसीलदार बलवान सिंह को सोनीपत रोड तथा जींद रोड के मध्य के क्षेत्र का, गन्नौर के तहसीलदार सुरेश कुमार को पानीपत रोड का तथा खरखौदा के उप तहसीलदार जगबीर सिंह को रोहतक रोड का ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया
रूट डाइवर्ट किया जाएगा तेरहवीं के मौके पर किसी प्रकार की परशानी न हो। इसके लिए वाहनों का रूट डाइवर्ट किया जाएगा। समता चौक की ओर आने वाले वाहनों को विव्श्रकर्मा चौक से सीधा रोहतक रोड भेजा जाएगा। इसी प्रकार जीन्द की ओर से आने वाले वाहनों को महावीर चौक से पुरानी सब्जी मंडी होते हुए पानीपत रोड तथा महम रोड से आने वाले वाहनों को भी हुड्डा सेक्टर व विव्श्रकर्मा चौक से रोहतक रोड भेजा जाएगा।