HomeSportsOther Sports Other Sports

कोरिया को रौंदकर भारत ने एशिया कप जीता

चेन्नई: भारत ने कोरिया को 7-2 से रौंदकर लगातार दूसरी बार एशिया कप जीत लिया है। मलेशिया ने जापान को हराकर स्पर्धा का कांस्य पदक जीता। भारत की ओर से अग्रिम पंक्ति के प्रभजोत सिंह और राजपाल सिंह ने 2-2 गोल दागे। भारत के बलजीत सिंह को फाइनल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। किसी भी एशिया कप के फाइनल में यह अंतर जीत का एक रिकार्ड है। भारत ने इस पूरी स्पर्धा में एक भी मैच नहीं गंवाया। फाइनल से पहले ग्रुप मैच में भी उसने कोरिया को 3-2 से मात दी थी।

भारत की यह जीत कितनी अहम है उसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2006 के दोहा एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली कोरियाई टीम विश्व रैंकिंग में अग्रणी एशियन टीम है।

भारत की ओर से पहला गोल खेल के तीसरे ही मिनट में शिवेंद्र सिंह ने दागा। उन्होंने प्रभजोत के पास को खूबसूरती से डिफ्लेक्ट करके गोल में पहुंचाया। हालांकि उसकी यह बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। 9 वें मिनट में कोरिया के जंग हाइउन ने पेनल्टी कार्नर पर गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके दो मिनट बाद ही एसवी सुनील ने एक कार्नर को डिफ्लैक्ट कर गोल में पहुंचाकर फिर भारत को बढ़त दिला दी। खेल के 31 वें मिनट में तुषार खांडेकर ने भारत की ओर से तीसरे गोल की भूमिका बनाई। उन्होंने डी के भीतर मिले सरदारा सिंह के पास पर गोलकीपर को चकमा देकर गेंद प्रभजोत की ओर बढ़ाई, जिन्होंने खाली पड़े गोल में आसानी से गेंद डालकर स्कोर 3-1 कर दिया। हॉफ टाइम तक यही स्कोर लाइन थी।

भारत की ओर चौंथा गोल ऐसे समय आया, जब दक्षिण कोरिया के हताश खिलाड़ी रैफरी के एक निर्णय के विरोध में व्यस्त थे, लेकिन रैफरी ने खेल को रोकने से इंकार कर दिया। सरदारा ने गेंद को अपने नियंत्रण में लेते हुए उसे राजपाल सिंह की ओर बढ़ाया जिसने गोल दागने में कोई गलती नहीं की। इसके बाद तीन मिनट के अंतराल में भारत की ओर से हुए दो गोलों ने मैच से कोरियाई टीम को पूरी तरह से बाहर कर दिया। 53 वें मिनट में इग्नेश टर्की ने एक लेफ्ट फ्लेंक से आक्रमण करते हुए एक शानदार गोल दागा। इसके कुछ ही समय बाद राजपाल ने अपना दूसरा गोल दागकर भारत को 6-1 से आगे कर दिया। प्रभजोत हताश हो चुके कोरियाई खिलाड़ियों को और शर्मसार करते हुए 65 वें मिनट में 7 वां गोल दाग दिया। कोरिया ने खेल के दो मिनट पहले गोल कर अपने हार के अंतर को 7-2 करने में सफलता पाई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: