Sports
Other Sports Other Sports चेन्नई: गत चैंपियन भारत ने जीत का क्रम जारी रखते हुए शनिवार को जापान को 4-1 से हराकर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट (पुरुष) के फाइनल में प्रवेश कर
लिया। वहां उसका सामना रविवार को दक्षिण कोरिया से होगा। एशियाड की स्वर्ण विजेता दक्षिण कोरियाई टीम ने मलेशिया को 2-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में लगातार छठी जीत दर्ज की। उसके लिए प्रभजोत सिंह ने दो और शिवेंद्र सिंह व रोशन मिंज ने एक-एक गोल किया। जापान की ओर से एकमात्र गोल कप्तान यामाबोरी ताकाहिको ने दागा। भारत यदि यह टूर्नामेंट जीत जाता है, तो उसे अगले विश्व कप में जगह मिल जाएगी।
दूसरे सेमीफाइनल में द. कोरिया की ओर से डेई केयून ने नौवें व यून सुंग ने 63वें मिनट में एक-एक गोल किया, जबकि मलेशिया की ओर से एजलोन मिसरोन ने 37वें मिनट में टीम की ओर से एकमात्र गोल किया।
द. कोरिया ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की और जल्दी ही शुरुआती बढ़त ले ली। हालांकि मलेशिया ने भी पहले हाफ में पूरा दमखम दिखाया और 37वें मिनट में बराबरी हासिल कर ली। इस हाफ में दोनों ही टीमों के बीच जोरदार द्वंद्व देखने को मिला। दूसरे हाफ में मलेशियाई खिलाड़ी सुस्त नजर आए और विपक्षी टीम पर आक्रमण नहीं कर सके।
वहीं कोरियाई टीम ने दबाव बनाए रखा और 63वें मिनट में सुंग ने विजयी गोल दागा। सियोंग जुंग को यैलो कार्ड दिखाए जाने के कारण अंतिम मिनटों में दक्षिण कोरिया को १क् खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, लेकिन मलेशिया इसका फायदा नहीं उठा सका। मलेशिया को अंतिम पांच मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन वह उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सका। कोरिया भी जीत का अंतर और अधिक कर सकता था, लेकिन उसके खिलाड़ी चार पेनल्टी कॉर्नर का लाभ नहीं उठा सके।