हैदराबाद: पिछले माह 25 अगस्त को यहां हुए दो बम धमाकों के सिलसिले में गिरफ्तार की गई बांग्लादेशी युवती शफीरा रफसंजानी के एक बीएसएफ के एक जवान से प्रेम संबंध थे।
यह जानकारी विशेष जांच दल के सूत्रों ने दी है। उन्होंने बताया कि जब शफीरा तमिलनाडु के नेल्लोर में डिग्री कोर्स कर रही थी, तभी उसने कथित रूप से बीएसएफ के जवान आनंद को प्रेम जाल में फंसाया था। इस बात का खुलासा युवती से बरामद एक फोटो एलबम से हुआ है। ये दोनों शफीरा के भाई रिदवान गाजी से मिलने हैदराबाद भी आए थे। धमाकों के बाद से ही गाजी फरार है।
दो भाई गिरफ्तार : बम धमाकों के सिलसिले में पुलिस ने दो भाइयों-अब्दुल मोहम्मद (20) और अब्दुल मोमिन (25) को नलगोंडा जिले के यादगिरिगुट्टा के एक मंदिर से शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया। दोनों वहां संदिग्ध हालात में घूम रहे थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि टोलीचौकी क्षेत्र के निवासी इन भाइयों से पूछताछ कर विस्फोटों में उनकी भूमिका का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। विस्फोटों की जांच कर रहा विशेष जांच दल अब तक 15 से ज्यादा व्यक्तियों को हिरासत में ले चुका है।