हैदराबाद:
आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद के पुंजागुट्टा इलाके में एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर के ढहने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को एनआईएमएस और अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार मलबे के नीचे तकरीबन 25 गाड़ियां फंस गईं हैं।
यह फ्लाईओवर बेगमपट इलाके से होकर जाता है जो मुख्यमंत्री वाई एस. राजशेखर रेड्डी के निवास के पास है। रेड्डी ने घटना की जानकारी मिलते ही हालात का जाएजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट की है।
रेड्डी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तत्काल राहत कार्य में जुट जाएं और मलबे में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश करें।
विपक्षी नेता और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने घटनास्थल का दौरा किया और सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने इस फ्लाईओवर को बनाते समय गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा है।