नई दिल्ली: एक दर्जन भारतीय कंपनियों ने एशिया की सर्वश्रेष्ठ 50 कंपनियों में जगह बनाने में सफलता अर्जित की है। यह सूची कंपनी के लगातार बढ़ते राजस्व और उसके शेयर होल्डर्स को हो रहे मुनाफे के आधार पर तैयार की गई है। भारत के अतिरिक्त किसी भी एक देश की इतनी कंपनियां इसी सूची में नहीं हैं।
अमेरिकी पत्रिका बिजनेस वीक द्वारा तैयार की गई इस सूची में शामिल भारतीय कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, हीरो होंडा,टाटा मोटर्स और इस ग्रुप की दो अन्य कंपनियां टीसीएस और टाटा स्टील शामिल हैं। सिमेंस इंडिया(4), स्टरलाइट इंडिया(6) व सिपला(10) एशियन बेस्ट टॉप टेन में जगह बनाने में कामयाबी हासिल की। एशियन बेस्ट की यह सूची बिजनेस वीक अपने 17 सितंबर के अंक में प्रकाशित करेगा।
एशियन बेस्ट में शामिल अन्य भारतीय फर्मो मेंसुजलोन एनर्जी (16), हीरो होंडा मोटर्स(20),टाटा मोटर्स (28), टाटा स्टील(40), एचडीएफसी(45) और सन फर्मास्यूटिकल(48) वें स्थान पर हैं। टीसीएस अव्वल: एशियन बेस्ट 50 केअनुसार टीसीएस शेयर बाजार में मूल्यांकन के आधार पर सबसे आगे है, जहां इसका मूल्यांकन 27.5 अरब डालर आंका गया है। इसके साथ भेल(44) और आईटीसी(24) ने भी शेयर बाजार मूल्यांकन के आधार पर टॉप टेन में जगह बनाने में सफलता अर्जित की है।
इंडोनेशियाई फर्म सबसे अव्वल: एशियन बेस्ट की इस सूची में इंडोनेशिया की अनलिवरल 96.4 प्रतिशत सकारात्मक अंकों के साथ सबसे आगे है। दूसरे स्थान पर ताईवान व मलेशिया की लॉयन डायवर्सिफाइड होल्डिंग का नाम है।
भारतीय कंपनियों की तारीफ: बिजनेस वीक ने भारतीय कंपनियों की तारीफ करते हुए कहा है कि बेहतर प्रबंधन, कम लागत और बहुराष्ट्रीय कंपनी बनने की ललक सभी भारतीय कंपनियों की विशेषता है।
चीन से बाजी मारी: एशियन टॉप में 12 भारतीय कंपनियां शामिल हैं। उसके बाद चीन और जापान का नंबर आता हैं, जहां की क्रमश: 9 और 6 कंपनियां इस सूची में शामिल हैं। इसके बाद ताईवान और इंडोनेशिया की पांच पांच, पाकिस्तान की चार और सिंगापुर कोरिया और मलेशिया की दो दो कंपनियां इस सूची में शामिल हैं।