सोनीपत
बॉलीवुड की सफल अभिनेत्री व बिंदास ग्लेमर गर्ल के नाम से चर्चित हो चुकी मल्लिका जल्द ही सोनीपत की वासी हो जाएगी। इसके लिए उसने शहर के सेक्टर सात में गत दिन प्लाट भी खरीद लिया है, जहां जल्द ही इस पर निर्माण भी शुरू हो जाएगा। मल्लिका शेरावत के पिता एमके लांबा ने मल्लिका के असली नाम रीमा लांबा के नाम से उसकी कंपनी के नाम पर इसकी रजिस्ट्री कराई है। ज्ञात हो कि इससे पहले यहां की एक प्राइवेट बिल्डर कंपनी द्वारा निर्माण की जा रही सोसाइटी में मशहूर क्रिकेटर अजय जडेजा तथा फिल्म अभिनेता मनोज वाजपेयी ने भी रहने के लिए प्लाट लिए हैं।
इनके यहां प्लाट लेने से इतनी चर्चा नहीं हुई जितनी मल्लिका शेरावत के प्लाट लेने की हुई है। इस खबर से लोगों के चेहरों पर चमक आ गई है। मल्लिका शेरावत का प्लाट देवीलाल पार्क के निकट नंबर 547 है। यहां प्लाट लेने के पीछे कारण माना जा रहा है कि एक तो सोनीपत का क्षेत्र एनसीआर में होने के कारण नए विकसित होने वाले महानगर के रूप में चर्चित हो रहा है वहीं सेक्टर सात जीटी रोड पर होने से दिल्ली से इसकी दूरी केवल 30 मिनट की है। मल्लिका द्वारा प्लाट लेने से यहां के लोगों में काफी खुशी है।
लकी नंबर सातवैसे तो कई प्लाटों को मल्लिका के लिए देखा गया था, लेकिन उनका जोड़ सात नहीं था। मल्लिका को पंसद आया तो सेक्टर सात का प्लाट नंबर 547 जिसका जोड़ भी सात अंक बनता है। यानी सेक्टर भी सात और प्लाट का अंक भी सात मतलब लक्की नंबर।
बेटी सोनीपत में ही बसना चाहती है इसी कारण उसने अपनी कंपनी मै. ब्लू वैल्वेट इंटरटेनमेट प्राइवेट लि. के नाम से प्लाट लिया है। प्रोडक्शन के कार्य में जुटी यह कंपनी दिल्ली में जगह नहीं होने के कारण सोनीपत को अपना बेस बनाकर चंडीगढ़ व उत्तरी भारत में अपना कारोबार करेगी।'-एमके लांबा, मल्लिका सहरावत के पिता