कराची: रणजी चैंपियन मुंबई ने पाकिस्तान की राष्ट्रीय चैंपियन कराची अर्बन के खिलाफ मो. निसार ट्रॉफी के लिए खेले जा रहे चार दिवसीय मैच में रनों का अंबार लगा दिया है। उसने खेल के दूसरे दिन अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 623 रन बनाकर घोषित कर दी। जवाब में मेजबान टीम 30 रन पर एक विकेट गंवाकर संघर्ष को मजबूर है।
मुंबई की ओर दोनों सलामी बल्लेबाज साहिल कुकरेजा(110), अजिंक्या राहाने(143), प्रशांत नायक(118) और अभिषेक नायर(152) ने शतक ठोंककर कराची अर्बन को मैच से लगभग बाहर ही कर दिया। प्रथम मो. निसार ट्राफी भी भारत की रणजी विजेता उत्तर प्रदेश ने धर्मशाला में पाक की नेशनल चैंपियन सियालकोट को हराकर जीती थी। शनिवार को खेल के प्रथम दिन कराची अर्बन ने टॉस जीतकर मुंबई को खेलने के लिए आमंत्रित किया था। कुकरेजा और राहाने ने पहले विकेट के लिए 247 रनों की साझेदारी कर टीम के विशाल स्कोर की आधारशीला रखी थी। इसकी मदद से मेहमान टीम ने खेल के प्रथम दिन 3 विकेट पर 323 रन बना लिए थे। रविवार को इससे आगे खेलते हुए मुंबई ने नायक और नायर के बीच पांचवे विकेट के लिए हुई एक और द्विशतकीय साझेदारी(235) की मदद से लगभग अपराजित स्कोर बनाने में सफलता अर्जित की। नायर 152 रन बनाकर छठे और अंतिम विकेट के रूप में आउट हुए। इसके कुछ देर बाद ही मुंबई ने पारी घोषित कर दी।
जवाब में कराची की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने अपना पहला विकेट आगा साबिर के रूप में जल्दी ही गंवा दिया। खेल खत्म होने के समय कराची का स्कोर 1 विकेट पर 30 रन था। खुर्रम मंजूर 14 और अमीन उर रहमान बिना खाता खोले खेल रहे थे।