जोधपुर:
प्रसिद्ध शेयर एनेलिस्ट एसपी तुलसियान ने कहा है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह से पूरे अगस्त माह तक लगातार गिर रहे शेयर बाजार को देश की म्यूचुअल फंड कंपनियों ने भरपूर सहारा दिया।
तुलसियान ने शनिवार को अपने जोधपुर प्रवास के दौरान संवाददाताओं को बताया कि जिस समय ग्लोबल गिरावट के चलते फॉरेन इनवेस्टर्स ने बाजार से करीब 9 हजार करोड़ के स्क्रिप्स बेच कर अपनी रकम निकाल ली तब म्यूचुअल फंड कंपनियां आगे आईं तथा 9 हजार करोड़ की खरीद की। यह अब इतिहास की बात हो गई है कि जिस मार्केट को 13 प्रतिशत गिरने में एक महीना लगा उसी मार्केट को म्यूचुअल फंड कंपनियों ने एक सप्ताह में 13 प्रतिशत चढ़ा दिया।
देश के विभिन्न शहरों में स्टॉक ब्रोकर के रूप में कार्यरत सुरेश राठी सिक्यूरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ब्रोकर्स एंड सब ब्रोकर्स की सेमीनार में मुख्य वक्ता के रूप में आए तुलसियान ने इन्वेस्टर्स के लिए कई टिप्स भी बताए।
उतार चढ़ाव सहन करना सीखे
अब पांच-सात प्रतिशत के उतार चढ़ाव का जमाना नहीं है। बाजार 10 से 12 प्रतिशत डाउन होता है तो उतना ही चढ़ता भी है। इनवेस्टर्स को इन झटकों को सहन करने की आदत डालनी होगी।
पॉवर सेक्टर का फ्यूचर ब्राइट
तुलसियान ने बताया कि देश में स्टॉक इनवेस्टमेंट का भविष्य सुरक्षित है। विदेशी इन्वेस्टर्स के इतनी बड़ी रकम निकालने के बाद भी आज बाजार ऊपर चढा़ रहा है। अभी तो वे इन्वेस्टर वापस बाजार में पैसा लगाएंगे तब क्या होगा। उन्होंने कहा कि देश में पॉवर सेक्टर का फ्यूचर ब्राइट है। 123 एटमी डील होने पर लोंग-टाइम बेनिफिट होगा। साथ ही कैपिटल गुड्स, सीमेंट तथा बैंकिंग सेक्टर के मजबूत होने की बात कही।
इनसे बच कर रहें
एक्सपोर्ट सेक्टर वाले स्क्रिप्स से बच कर रहें। टेक्सटाइल, आईटी आदि का भविष्य सुरक्षित नहीं है। डॉलर के विरुद्ध रुपए की तेजी अभी और जारी रहेगी। वर्तमान में 41.20 रुपए प्रति डॉलर की कीमत 38 रुपए तक जा सकती है। संवाददाता सम्मेलन में सुरेश राठी सिक्यूरिटीज के मुंबई शाखा के निदेशक ललित मूंदड़ा तथा उनके पुत्र सौरव राठी भी मौजूद थे। राठी ने बताया कि तीन दिवसीय इन्वेस्टर्स तथा ब्रोकर सब ब्रोकर मीट के दौरान शेयर मार्केट में वर्तमान स्थिति को फेस करने गुर बताए जाएंगे।