जोहानसबर्ग: ट्वेंटी 20 वल्र्डकप में हिस्सा ले रही न्यूजीलैंड टीम के ऑल राउंडर जैकब ओरम नंबर तीन पर बल्लेबाजी करेंगे। वहीं ब्रैंडन मैकुलम विकेटकीपर की बजाय बतौर नियमित बल्लेबाज टीम में शामिल होंगे। विकेटकीपिंग का जिम्मा गेरेथ हॉपकिंस को सौंपा जाएगा। न्यूजीलैंड के कोच जॉन ब्रेसवेल ने क्रिकेट के इस नए अवतार के हिसाब से टीम का बल्लेबाजी क्रम निर्धारित किया है।
गेंद पर कड़ा प्रहार करने की ओराम की क्षमता को देखते हुए उन्हें नंबर तीन पर रखा गया है, जिससे टीम को मजबूत संतुलन मिलने की उम्मीद है। कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को 15 सदस्यीय टीम से बाहर रखने से न्यूजीलैंड के सामने सलामी बल्लेबाज लोउ विंसेंट के नए जोड़ीदार की तलाश का सवाल आ खड़ा हुआ है। हालांकि ब्रेसवेल ने कहा कि मैकुलम को विंसेंट के साथ ओपनिंग के लिए उतारा जा सकता है। न्यूजीलैंड टीम को 11 सितंबर से प्रारंभ होने वाले ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट से पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच खेलने हैं। ब्रेसवेल के अनुसार न्यूजीलैंड के ठंडे मौसम के अनुरूप ढलने में यह वार्म अप मैच खासे लाभदायक साबित होंगे।
शोएब का स्थान लेंगे तनवीर : अनुशासनहीन व्यवहार के बाद स्वदेश वापस बुलाए गए विवादास्पद तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के स्थान पर पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर को पहले ट्वेंटी-20 वल्र्डकप में खेलने का मौका दिया है। मुख्य चयनकर्ता सलाउद्दीन अहमद ने कहा कि शेखुपुरा में पाकिस्तान ए व ऑस्ट्रेलिया ए के बीच खेले गए मैच में शानदार गेंदबाजी के चलते तनवीर को टीम में शामिल किया गया है। तनवीर ने मैच में सात ओवर में 47 रन देकर चार विकेट लिए थे। रावलपिंडी के रहने वाले तनवीर इस टूर्नामेंट से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करेंगे।
ट्वेंटी-20 वल्र्डकप में खेलेंगे एंडरसन : इंग्लैंड टीम प्रबंधन ने तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को चोटिल ऑल राउंडर रवि बोपारा के स्थान पर दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने वाले ट्वेंटी-20 वल्र्डकप की टीम में शामिल कर लिया है। भारत के खिलाफ पांचवें वनडे मैच में 22 वर्षीय बोपारा के दाएं हाथ का अंगूठा फ्रैक्चर हो जाने के कारण उन्हें वल्र्डकप टीम में शामिल नहीं किया गया है। बोपारा को ठीक होने में चार से छह सप्ताह का समय लगेगा।