जयपुर:
बॉलीवुड फिल्मों में चल रहा सफल फिल्मों के सिक्वल का दौर अब दूसरे क्षेत्रों में भी अपनाया जा रहा है। विदेशी पावणों को राजस्थानी धोरों का शाही सफर कराकर लोकप्रिय होती पैलेस ऑन व्हील्स के पार्ट-3 (सुपर लग्जरी पैलेस ऑन व्हील्स) के भी अगले पीक सीजन तक आने की योजना बन चुकी है।
रेलवे और आरटीडीसी ने इस बार होटल इंडस्ट्री के मल्टीनेशनल ग्रुप (ऑबेरॉय) और रेलवे इकाई आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉपरेरेशन) के सहयोग से यह प्रोजेक्ट फाइनल कर लिया है। इसे राज्य सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके बाद ट्रेन टूरिज्म के लिहाज से राजस्थान देश का पहला राज्य होगा, जहां पांच शाही ट्रेनें पर्यटकों को राज्य की अलग-अलग डेस्टिनेशन घुमाने के लिए तैयार होंगी। इस सुपर लग्जिरियस गाड़ी पर लगभग 40 करोड़ से ज्यादा खर्च होंगे।
गौरतलब है कि 1982 में पैलेस ऑन व्हील्स के रूप में शाही ट्रेन की शुरुआत हुई। फिर शेखावाटी अंचल टूर के लिए हैरिटेज ऑन व्हील्स की शुरुआत की गई। साथ ही दिल्ली से अलवर और सरिस्का के लिए फेरी क्वीन भी पर्यटकों को भा गई। 26 जनवरी को रॉयल पैलेस ऑन व्हील्स-2 शुरू होने की घोषणा की जा चुकी है।
शाही सफर में व्यापार भी
शाही सफर में बिजनेस यात्रियों की सुविधा के लिए पहली बार ट्रेन में सुपर डीलक्स व्यापारिक केन्द्र के लिए सुइट बनाया जाएगा। इसमें जिलेवार प्रमुख कॉपोरेट ग्रुप्स और वहां की व्यापारिक गतिविधियों की जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से पर्यटकों को दी जाएगी। इससे इच्छुक बिजनेस क्लास पर्यटक संबंधित जिले के व्यापारियों से सीधे जुड़ सकेंगे।
सबकुछ फिक्स है
राजस्थान आने वाला पर्यटक अब फाइव स्टार कल्चर से हटकर ट्रेन टूरिज्म के सैट पैकेज को तवज्जो देना लगा है। इस शाही सफर की बुकिंग के बाद पर्यटक निश्ंिचत होकर सैर-सपाटा कर सकता है। यहां तक कि खाना-पीना, रहना, घूमना आदि सभी कुछ बुकिंग के साथ ही फिक्स कर दिया जाता है।
और भी बहुत कुछ है
ट्रेन के शाही सफर में पर्यटक भरतपुर व सवाईमाधोपुर की वाइल्ड लाइफ, उदयपुर की झीलें, चित्तौड़-जयपुर-जोधपुर के किले-हवेलियां, जैसलमेर का रेगिस्तान सहित राजस्थान की संपूर्ण छवि निहार लेता है। साथ ही आगरा का ताजमहल भी देख पाता है। यह पर्यटकों को रास आ रहा है। पैलेस ऑन व्हील्स की 2010 तक शत-प्रतिशत बुकिंग इसका उदाहरण है। अब एक और शाही गाड़ी और अधिक पर्यटकों के टूर पैकेज को तय कर सकेगी।
यूं बढ़ेगा बजट
वर्तमान में पैलेस ऑन व्हील्स में प्रति व्यक्ति एक दिन का किराया 445 यूएस डॉलर है। सात दिन में यह गाड़ी सफर पूरा करती है। इस हिसाब से यह खर्च लगभग 1,30,0830 रुपए आता है। नई पैलेस ऑन व्हील्स-3 में प्रति व्यक्ति किराया लगभग 700 डॉलर होगा, जो सप्ताह के टूर का 2 लाख रुपए के ऊपर होगा।
* पैलेस ऑन व्हील्स-3 आने से अब तक इस शाही सफर से वंचित पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। यहां तक कि केवल इस शाही रेलगाड़ी में सफर करने के लिए ही पर्यटक राजस्थान का रुख करेंगे।
-प्रदीप बोहरा, मैनेजर, पैलेस ऑन व्हील्स
* ट्रेन टूरिज्म के कॉन्सेप्ट पर पर्यटक फिदा हैं, लेकिन पर्यटकों के दबाव के चलते कई पर्यटक दूसरी जगहों का रुख कर रहे हैं। अब नई गाड़ी आने से ऐसे पर्यटक राजस्थान घूम सकेंगे।
-राकेश सैनी, प्रबंध निदेशक, आरटीडीसी
अब सुपर लग्जरी टूर
फिलहाल देशी-विदेशी पर्यटकों में काफी लोकप्रिय पैलेस ऑन व्हील्स के भाग तीन में होटल इंडस्ट्री ग्रुप ऑबेराय की शिरकत के बाद इसका सफर और रोमांचक व शाही बन जाएगा। नई गाड़ी के हर सैलून (डिब्बे) में चार की जगह तीन कूपे (डबल बैड की जगह) व अलग से लॉन्ज बना होगा। इससे पर्यटकों को ज्यादा जगह और प्राइवेसी मिलेगी। सुसज्जित बार, डिस्कोथैक सहित जिम और स्पा की व्यवस्था होगी। हर कूपे में यात्रियों के लिए लेपटॉप और इंटरनेट कनेक्शन रहेगा। ट्रेन में ही पहली बार महाराजा और महारानी नाम से दो सुइट होंगे, जिनमें ऐशो-आराम के लिए पर्यटकों को ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी।