उदयपुर:
सिंचाई विभाग ने ग्रामीणों को समझाइश के बाद शनिवार सुबह 5 बजे मदार तालाब का गेट खोल दिया। मदार का पानी शाम को फतहसागर तक पहुंच गया।
एक दिन पहले गेट खोलने गए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। सरपंच कन्हैयालाल कंठालिया ने भी विरोध करते हुए गेट नहीं खोलने दिया। अधिकारियों ने शनिवार को सरपंच को भरोसा दिलाया कि 16 फीट तक ही पानी फतहसागर में लिया जाएगा। इसके बाद गेट बंद कर दिए जाएंगे। फसलों की सिंचाई के लिए भरपूर पानी दिया जाएगा। इसके बाद ही ग्रामीणों ने गेट खोलने की स्वीकृति दी। सुबह पांच बजे मदार तालाब का गेट खोल दिया गया। शाम को मदार नहर का जलस्तर करीब आधा फीट था।
मदार तालाब का जलस्तर करीब साढ़े उन्नीस फीट है। करीब ढाई फीट पानी फतहसागर में लिया जाएगा। इससे फतहसागर में दस एमसीएफटी पानी की आवक होगी और करीब आधा फीट जलस्तर बढ़ेगा। सिंचाई विभाग एक्सईएन विमल चोर्डिया ने बताया कि गांव वालों को विश्वास में लेकर ही गेट खोले गए हैं।