|
News
International International लंदन. सोमवार को पाकिस्तान लौट रहे निर्वासित नेता और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को एयरपोर्ट से ही वापस भेजे जाने की खबरें हैं और दूसरी तरफ शरीफ ने कहा है कि राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ को ऐसा दुस्साहस नहीं करना चाहिए।
सात साल से निर्वासित शरीफ ने लंदन से अपनी नियोजित वापसी के दौरान एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में अपने खिलाफ पाक में चल रही खबरों पर कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उनकी पाक वापसी के विरोध का कोई आधार है। उन्होंने कहा कि ऐसे में जबकि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आ चुका है, अगर मुशर्रफ ऐसा कुछ प्रयास करते हैं तो वे कोर्ट की अवमानना करेंगे और इसलिए मुझे नहीं लगता है कि मुशर्रफ ऐसा दुस्साहस करेंगे।
टीवी चैनलों और अखबारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि मुशर्रफ अगर उन्हें सऊदी अरब भेजने की कोशिश करते हैं तो वे क्या करेंगे, शरीफ ने कहा कि वे न तो ऐसी धमकियों से डरने वाले हैं और न ही अपनी वापसी को टालने वाले हैं। एक भारतीय चैनल को शरीफ ने बताया कि उन्हें पाक न लौटने देने का सऊदी अरब का कोई दबाव नहीं है।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग के नेता शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान के प्रति वे अपना फर्ज निभाना चाहते हैं और जनता भी उनकी वापसी को लेकर उत्साहित है। शरीफ ने कहा कि मुशर्रफ उन्हें अरब भेजे जाने या जेल में डाल दिए जाने संबंधी धमकियां लगातार दे रहे हैं क्योंकि वे इसके आगे की सोच नहीं रखते।