उदयपुर: नौकरी देने के नाम पर बेरोजगारों से लाखों रुपए ऐंठने वाले ठग को पकड़ने शनिवार को पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इस मामले में गिरफ्तार महिला को अदालत ने दो दिन के रिमांड पर रखने का आदेश दिया है।
मथुरा निवासी महेश शर्मा व उसकी महिला सहायक झालावाड़ निवासी शमीम बानो ने यहां खाराकुआं में किराए के भवन में कंपनी स्थापित की और बेरोजगारों को नौकरी का झांसा देकर ठगी की थी। भूपालपुरा पुलिस ने शुक्रवार को महिला सहायक शमीम बानो को नाथद्वारा से गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने उसे दो दिन रिमांड पर रखने का आदेश दिया। सीआई मंजित सिंह ने बताया कि ठग महेश को पकड़ने के लिए दो टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई, किंतु सफलता नहीं मिली।
वेतन नहीं देने पर जताया था अफसोस : प्रोजेक्ट एंड न्यू टेक्नोलोजी मेंटेनेंस सर्विस सेंटर कंपनी के महेश ने 15 अगस्त को कार्यालय में झंडारोहण रखा था। कार्यक्रम के बाद महेश ने कर्मचारियों के समक्ष अफसोस जताया था कि किन्हीं कारणों से वह वेतन नहीं दे पाया है। वह एरियर के साथ वेतन दे देगा। सभी का पी.एफ. भी काटा जाएगा। समारोह की सीडी पुलिस के कब्जे में आ चुकी है। कर्मचारियों को लाने ले जाने के लिए महेश ने कारें भी किराए पर रखी थी। उनका भी किराया बकाया है।
फरियादी भयभीत : फरियादी कैलाशपुरी निवासी धर्म्ेद्र मेनारिया व उसकी पत्नी भगवती देवी ने अभियुक्त के ऊंचे ताल्लुक देखते हुए पुलिस के समक्ष डर जाहिर किया।