HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

एसएसपी आफिस के सामने जहर सेवन

रायपुर: रामकुंड की सोनिया ठाकुर ने आज दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रोरेट स्थित एसएसपी दफ्तर के सामने जहर सेवन कर जान देने की कोशिश की। वह पति की प्रताड़ना से त्रस्त है। पुलिस ने उसे तत्काल आंबेडकर अस्पताल में दाखिल कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसएसपी कार्यालय पहुंचते ही सोनिया अपने साथ हुए अत्याचार का बखान करने लगी। उसने पुलिस को भी कार्रवाई न किए जाने के लिए जिम्मेदार ठहराया। इसी दौरान उसने शीशी में रख दृव्य मुंह में उड़ेल लिया। थोड़ी ही देर में वह लड़खड़ाकर गिर गई। आसपास खड़े जवानों ने उसे देखा और उसकी ओर दौड़े। उस समय एसएसपी बीएस मरावी दफ्तर में नहीं थे। अलबत्ता डीएसपी मुख्यालय वहां मौजूद थे। वहां से सोनिया को तुरंत अस्पताल भेजा गया।

दो नन्हें बच्चों की मां सोनिया अपने पति आशीष की प्रताड़ना की शिकार थी। उसके पति ने उसे चार महीने पहले ही छोड़ दिया। दहेज के नाम पर आशीष उसे सताया करता था। इसी वर्ष अप्रैल में हलाकान होकर सोनिया ने अपने पति की शिकायत महिला थाने में की थी। दहेज के लिए प्रताड़ना देने के आरोप में आशीष को जेल हो गई। वह 7 जुलाई को वापस छूटकर आया था।

कोर्ट ने उसे हर महीने सोनिया को भरण-पोषण के लिए 500 रुपए देने को कहा था। एक दिन आशीष उसे फिर से सताने की नियत से उसके घर गया। सोनिया किराए से रहती थी और उसने कई महीनों से किराया नहीं दिया था। आशीष ने मकान मालिक को मकान खाली करवाने के लिए भड़काया। सोनिया ने उससे कहा कि रुपए मेरा पति देगा। ऐसा हुआ नहीं और मकान मालिक ने किराए के बदले उसका सामान उठाकर बाहर फेंक दिया।

थाने में इसकी शिकायत होने पर मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई हुई और सोनिया वापस उसी मकान में रहने लगी। लेकिन 14 अगस्त को फिर मकान मालिक और उसके बीच झगड़ा हो गया। मकान मालिक के साथ-साथ सोनिया के खिलाफ भी थाने में गालीगलौज की रिपोर्ट लिखी गई। फिर कुछ दिनों से वह अपने एक सहेली के यहां रह रही थी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष शंकर सिंह निर्मलकर ने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, गृहमंत्री रामविचार नेताम समेत पूरे शासन-प्रशासन से महिला को न्याय दिलाने की मांग की है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: